कोटा के अंतरराष्ट्रीय रेफरी रवींद्र कुमार एशियाई कुश्ती में करेंगे प्रतिनिधित्व
कोटा के अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं पहलवान रवींद्र कुमार थाईलैंड में होने वाली अंडर-15 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में बतौर रेफरी और जज अपनी सेवाएं देंगे।

राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता और अन्य लोगों के साथ अंतरराष्ट्रीय रेफरी रवींद्र कुमार (लाल शर्ट में) सम्मान समारोह के दौरान।
कोटा। राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष श्रीमान राजीव दत्ता ने जानकारी दी है कि आगामी 27 जून से थाईलैंड के पटाया में आयोजित होने वाली अंडर-15 फ्री स्टाइल ग्रीको रोमन महिला एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में कोटा के अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं पहलवान रवींद्र कुमार भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रवींद्र कुमार रेफरी और जज की महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करेंगे।
यह चैंपियनशिप 27 जून से 5 जुलाई 2026 तक पटाया में आयोजित की जाएगी। उल्लेखनीय है कि रवींद्र कुमार स्वयं एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के पहलवान रह चुके हैं। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय रेफरी के रूप में सक्रिय रहने के साथ-साथ वे पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में चीफ टिकट इंस्पेक्टर के पद पर भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
रवींद्र कुमार की इस उल्लेखनीय उपलब्धि के उपलक्ष्य में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता ने रवींद्र कुमार को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें थाईलैंड के लिए भावभीनी विदाई दी। खेल जगत में कोटा का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित करने वाली इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त किया है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
