कोटा में आतिशबाजी के बीच रामलीला का शुभारंभ, नारद मोह प्रसंग का मंचन; 20 को रावण दहन
कोटा के आरके पुरम-ए स्थित श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला शुरू हुई। पहले दिन नारद मोह और रावण को वरदान मिलने के प्रसंगों का मंचन हुआ। 13 अक्टूबर को श्रीराम बारात, 20 को रावण दहन और 21 अक्टूबर को विराट कवि सम्मेलन होगा।

कोटा के आरके पुरम में भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ।
आरके पुरम-ए स्थित श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में भव्य आतिशबाजी के बीच रामलीला मंचन का शुभारंभ हुआ। श्री रामलीला आयोजन समिति, आरके पुरम-ए, नया कोटा एवं नगर निगम कोटा के संयुक्त तत्वावधान में 11 से 21 अक्टूबर तक आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला के पहले दिन नारद मोह और ब्रह्मा जी से रावण को अत्यधिक शक्तिशाली होने का वरदान मिलने के प्रसंगों का मंचन किया गया। आकर्षक आतिशबाजी और धार्मिक वातावरण के बीच रामलीला देखने के लिए क्षेत्रवासी बड़ी संख्या में जुटे।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी स्टेट के चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और आदर्श जीवन मूल्यों का जीवंत प्रतीक है। भगवान श्रीराम का जीवन हमें मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
समारोह में नगर निगम कोटा के उपमहापौर डॉ. विवेक राजवंशी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सरस डेयरी चेयरमैन चैन राठौड़ भी कार्यक्रम में शामिल हुए। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री जगदीश जिंदल और रामलीला के संस्थापक, मुख्य संरक्षक एवं पूर्व पार्षद रविंद्र सिंह सोलंकी का आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया। इसकी जानकारी समिति के प्रवक्ता पीपी गुप्ता ने दी।
समिति के मुख्य संयोजक बालचंद फौजी, अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महामंत्री गिरिराज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम शर्मा, प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता, संयोजक चंद्रप्रकाश माहेश्वरी, सत्यप्रकाश शर्मा, विष्णु नारायण शर्मा, मंडल अध्यक्ष अक्षय चौधरी, पार्षद कीर्ति गौतम, पार्षद मंजू देवी विजयवर्गीय, सुमित्रा खींची और पूर्व पार्षद सोनू गौतम सहित अन्य पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया।
आयोजन के तहत 13 अक्टूबर को शाम 7 बजे आरके पुरम बालाजीधाम से श्रीराम बारात एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद 20 अक्टूबर को रावण चौक पर आतिशबाजी के साथ रावण दहन किया जाएगा। 11 से 21 अक्टूबर तक चलने वाले इस आयोजन का समापन 21 अक्टूबर को अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन के साथ होगा।
कवि सम्मेलन के सूत्रधार वरिष्ठ कवि पंडित प्रेम शास्त्री होंगे। देशभर के ख्यातनाम कवि अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को काव्य रस से सराबोर करेंगे। धार्मिक प्रसंगों के मंचन, श्रीराम बारात, रावण दहन और विराट कवि सम्मेलन के साथ रामलीला का यह आयोजन कोटा में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला के रूप में आयोजित किया जा रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
