कोटा के आरके पुरम-ए स्थित श्री महर्षि गौतम रामलीला पार्क में रामलीला के दौरान भरत मिलाप से लेकर सीता हरण तक के प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। भगवान श्रीराम के प्रति भरत की अटूट भक्ति, भ्रातृप्रेम और त्याग के दृश्यों ने दर्शकों को भावुक कर दिया, वहीं रावण द्वारा छलपूर्वक माता सीता का हरण करने के प्रसंग ने कथा में रोमांच बढ़ाया।

श्री रामलीला आयोजन समिति, आरके पुरम-ए एवं नगर निगम कोटा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित रामलीला में बजरंग रामलीला लोक कला मंडल, नागौर के कलाकारों ने रामायण के प्रमुख प्रसंगों का सजीव मंचन किया। समिति के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा एवं महामंत्री गिरिराज गौतम ने बताया कि कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों को धर्म, मर्यादा और त्याग के आदर्शों से रूबरू कराया।

मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता ने बताया कि भरत मिलाप के प्रसंग में भगवान श्रीराम के प्रति भरत के अगाध प्रेम, त्याग और भ्रातृभक्ति का मार्मिक चित्रण किया गया। भरत अयोध्या का राजपाट स्वीकार करने के बजाय श्रीराम को वापस लाने के लिए वन पहुंचते हैं, लेकिन श्रीराम पिता के वचन और मर्यादा का पालन करते हुए वनवास पूरा करने के अपने संकल्प पर अडिग रहते हैं। दोनों भाइयों के मिलन के दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया।


इस प्रसंग के दौरान रामचरितमानस की चौपाई प्रस्तुत की गई—

भरतहि होइ न राजमदु, बिधि हरि हर पद पाइ।

कबहुँ कि काँजी सीकरनि, छीरसिंधु बिनसाइ॥

इसके बाद पंचवटी में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास का प्रसंग मंचित किया गया। कथा में रावण की बहन शूर्पणखा का प्रसंग आया, जिसके अपमान का बदला लेने के लिए रावण ने मारीच की सहायता से माता सीता के हरण की योजना बनाई। मारीच स्वर्ण मृग का रूप धारण कर पंचवटी पहुंचा। स्वर्ण मृग को देखकर माता सीता ने श्रीराम से उसे लाने का आग्रह किया। इसके बाद श्रीराम मृग के पीछे चले गए। श्रीराम के बाण से घायल मारीच ने उनकी आवाज में पुकार लगाई।

माता सीता के आग्रह पर लक्ष्मण भी श्रीराम की सहायता के लिए वन में चले गए। इसी अवसर का लाभ उठाकर रावण साधु का वेश धारण कर कुटिया पहुंचा और छलपूर्वक माता सीता का हरण कर लिया। सीता हरण के इस प्रसंग ने रामलीला में कथा का रोमांच बढ़ाया और अधर्म के विरुद्ध संघर्ष तथा धर्म की विजय का संदेश दिया।

मुख्य संयोजक एवं पूर्व पार्षद बालचंद फौजी ने बताया कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में चंद्र प्रकाश माहेश्वरी, सत्य प्रकाश शर्मा, सीताराम शर्मा, रामस्वरूप छंदक, नरेश कुकरेजा, रामस्वरूप गोचर, मांगीलाल पांचाल, विष्णु नारायण शर्मा, मुकेश सोनी, जितेंद्र सिंह, किशन लाल, हनुमान सेन, योगेश सुमन एवं अनिता गौतम ने स्वागत किया।

मीडिया प्रभारी पीपी गुप्ता ने बताया कि आगामी मंचन में भी रामायण के प्रमुख प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे। कार्यक्रम में अतिथि नरेंद्र बिरला तथा प्रायोजक अतिथि कुलदीप माथुर, डॉ. अमरीश पाटोदी, डॉ. विकास खंडेलिया, जगदीश गौतम और डॉ. के.बी. गुप्ता सहित अन्य गणमान्यजन की सहभागिता रहेगी। रामलीला के माध्यम से धार्मिक प्रसंगों के मंचन के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का क्रम जारी है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story