कोटा के रामेश्वर महादेव मंदिर में महाअष्टमी पर 51 कन्याओं का पूजन
मंदिर समिति की महिलाओं ने कन्याओं के पैर पखारे और उन्हें शिक्षित व आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया।

कोटा के रामेश्वर महादेव मंदिर में महाअष्टमी पर कन्या पूजन करती महिला श्रद्धालु।
कोटा। न्यू जवाहर नगर स्थित रामेश्वर महादेव मंदिर में शारदीय नवरात्रि की महाअष्टमी पर श्रद्धा और विधि-विधान के साथ 51 कन्याओं का पूजन किया गया। मंदिर समिति की महिला सदस्यों ने कन्याओं का पूजन कर मातृशक्ति के सम्मान और बेटियों को शिक्षित, समर्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान कन्याओं के पैर पखारे गए, चंदन का तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी गई। इसके बाद सभी कन्याओं को दुपट्टा ओढ़ाकर उपहार और दक्षिणा भेंट की गई तथा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम संयोजिका चेतना गर्ग, सुनीता जोशी एवं मोनिका विजयवर्गीय ने बताया कि सनातन धर्म में कन्या पूजन का विशेष आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व है। कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का साक्षात प्रतीक मानकर उनकी आराधना की जाती है। यह परंपरा समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा बढ़ाने के साथ बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सशक्त संदेश देती है।
कन्याओं को संबोधित करते हुए संयोजिकाओं ने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की रीढ़ हैं तथा आज हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। बेटियों को शिक्षित, समर्थ और आत्मनिर्भर बनाना ही मां भगवती की सच्ची उपासना है। कार्यक्रम के माध्यम से कन्या पूजन की धार्मिक परंपरा के साथ नारी सम्मान और बेटियों को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर प्रतिमा मिश्रा, अंशिका सक्सेना, हेमा पारेता, पूजा पारेता, नीरज चौधरी, कल्पना चौधरी, पिंकी जैन, कृष्णा चौधरी, सुमन, अनीता व्यास, सुलोचना, बादाम जांगिड़, रीना जांगिड़, योगेश जोशी, महेंद्र विजयवर्गीय, अशोक निर्मल और रिंकू जांगिड़ सहित मंदिर समिति के कई कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
