कोटा दशहरा मेला: राम बारात मार्ग का महापौर ने किया निरीक्षण
महापौर अनुसुइया गोस्वामी और प्रशासनिक अधिकारियों ने राम बारात मार्ग की सफाई, सजावट और सुरक्षा व्यवस्थाओं का पैदल जायजा लिया।

कोटा में राम बारात मार्ग का निरीक्षण करतीं महापौर अनुसुइया गोस्वामी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी।
कोटा। 133वें राष्ट्रीय मेला दशहरा-2026 के तहत 15 अक्टूबर को निकलने वाली प्रभु श्री राम की भव्य राम बारात शोभायात्रा को ऐतिहासिक और अलौकिक स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार, 13 अक्टूबर को महापौर अनुसुइया गोस्वामी के नेतृत्व में नगर निगम के पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शोभायात्रा के पूरे मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान मार्ग को भगवामय बनाने, सनातन संस्कृति की झलक प्रस्तुत करने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में उप महापौर विवेक राजवंशी, शहर भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता पंकज मेहता, पंडित गोविंद शर्मा, पूर्व महापौर राजीव भारती, शहर महामंत्री रितेश चित्तौड़ा, अतिरिक्त मेला अधिकारी भावना सिंह, उपायुक्त धीरज कुमार सोनी, चीफ इंजीनियर महेश गोयल तथा पार्षद संदीप भाटिया, नवीन माथुर, पुरुषोत्तम यादव, मोहन सुमन, सुरेंद्र राठौर, सीमा चौधरी और सुनीता नायक, राहुल माथुर सहित निगम के उच्च अधिकारी शामिल रहे।
सभी पदाधिकारियों ने गीता भवन से निरीक्षण शुरू कर वाल्मीकि भवन, सब्जी मंडी, भगत सिंह चौराहा, गांधी जी की पुल, कैथूनी पोल चौराहा, टिपटा और किशोरपुरा दरवाजा होते हुए दशहरा मैदान तक पूरे मार्ग का पैदल अवलोकन किया। इस दौरान शोभायात्रा की तैयारियों और मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने राम बारात के मार्ग को भव्य और दिव्य स्वरूप देने के लिए पूरे रास्ते पर केसरिया पताकाएं, झालर और आकर्षक बंदनवार लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष सजावट के साथ विद्युत सज्जा करने और जगह-जगह भव्य स्वागत द्वार तैयार कराने को कहा, ताकि पूरे मार्ग पर सनातन संस्कृति की झलक दिखाई दे।
महापौर ने मार्ग में पड़ी निर्माण सामग्री, मलबा और चारा पॉइंट्स तत्काल हटाने के आदेश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बारात के रास्ते में कहीं भी गंदगी या मलबा नजर नहीं आना चाहिए। इसके लिए विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ढीले और लटकते बिजली के तारों को ऊंचा करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था रखने, खुले तारों को सुरक्षित करने तथा मार्ग के सभी गड्ढों को भरने और सड़कों की पेंच रिपेयरिंग का काम समय पर पूरा कराने को कहा गया।
15 अक्टूबर को राम बारात के दिन यातायात और मार्ग व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। महापौर ने दोपहर 2 बजे के बाद पूरे शोभायात्रा मार्ग को खाली कराने, यातायात डायवर्ट करने और रास्ते को पूरी तरह साफ रखने के निर्देश दिए, ताकि बारात के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए।
महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मंशा और आकांक्षाओं के अनुरूप राम बारात को ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। तैयारियों का उद्देश्य ऐसा वातावरण बनाना है कि शोभायात्रा में शामिल होने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को साक्षात प्रभु श्री राम की बारात का सहभागी होने की अनुभूति हो। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को इस पावन यात्रा से सीधे जोड़ने और शोभायात्रा के भव्य स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
राम बारात के अवसर पर पूरे शहर को राममय बनाने के लिए प्रमुख चौराहों पर राम ध्वज लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं। महापौर अनुसुइया गोस्वामी ने कहा कि शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर रामध्वज लगाए जाएं, ताकि 15 अक्टूबर को निकलने वाली शोभायात्रा के दौरान पूरे कोटा में राम बारात का उत्सवी वातावरण दिखाई दे। मार्ग की सजावट, स्वच्छता, विद्युत सुरक्षा, सड़क मरम्मत और यातायात प्रबंधन को समय पर पूरा करने पर प्रशासन का विशेष जोर है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
