कोटा में 'राखी पॉप-अप 3.0' का आगाज, सरकारी स्कूलों के नए कक्षाकक्ष निर्माण के लिए जुटेगा सहयोग
कोटा में 'राखी पॉप-अप 3.0' का जिला कलेक्टर पीयूष सांवरिया ने शुभारंभ किया। प्रदर्शनी से होने वाली आय सरकारी स्कूलों में नए कक्षाकक्ष निर्माण पर खर्च होगी।

तस्वीर में कोटा राउंड टेबल-281 के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य लोग 'RAKHI EDITION 3.0 POP UP' लिखे बड़े अक्षरों के बोर्ड के पीछे और आसपास समूह में खड़े होकर मुस्कुराते हुए पोज दे रहे हैं।
कोटा में शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देने के उद्देश्य से कोटा राउंड टेबल-281 द्वारा आयोजित दो दिवसीय लाइफस्टाइल प्रदर्शनी 'राखी पॉप-अप 3.0' का रविवार को जिला कलेक्टर पीयूष सांवरिया ने शुभारंभ किया। उद्घाटन के दौरान उन्होंने संस्था की 'फ्रीडम थ्रू एजुकेशन' मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कोटा राउंड टेबल-281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि प्रदर्शनी से प्राप्त होने वाली समस्त निधि का उपयोग सरकारी विद्यालयों में नए कक्षाकक्षों के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था वर्ष 2015 से अब तक कोटा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में 50 कक्षाकक्षों का निर्माण कर चुकी है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हुआ है। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।
दो दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने भाग लिया है। प्रदर्शनी में राखियां, परिधान, होम डेकोर, लाइफस्टाइल उत्पाद, गिफ्ट आइटम और हस्तशिल्प सहित विभिन्न उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। यह आयोजन स्थानीय और बाहरी उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार तथा व्यवसाय विस्तार के लिए प्रभावी मंच भी उपलब्ध करा रहा है।
कार्यक्रम में राउंड टेबल-281 के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे। प्रदर्शनी से प्राप्त होने वाली आय का सरकारी विद्यालयों में नए कक्षाकक्षों के निर्माण में उपयोग किया जाएगा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में संस्था की सामाजिक पहल को आगे बढ़ाया जाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
