कोटा में राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने अर्पित की श्रद्धांजलि
शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने आधुनिक भारत के निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को याद किया और केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा।

कोटा के राजीव गांधी नगर स्थित आईएल चौराहे पर गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम और अन्य पार्टी कार्यकर्ता।
कोटा में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार सुबह 8:30 बजे राजीव गांधी नगर स्थित आईएल चौराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर बलिदान दिवस मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोष्ठी आयोजित कर स्व. राजीव गांधी के योगदान को याद किया और केंद्र सरकार पर शहीदों के अपमान तथा धर्म की राजनीति करने के आरोप लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि स्व. राजीव गांधी सबसे कम उम्र में देश के प्रधानमंत्री बने और उन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण के साथ देश को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के प्रयासों से देश में संचार क्रांति का उदय हुआ और सूचना प्रौद्योगिकी की नींव रखी गई, जिससे युवाओं को रोजगार की नई दिशा मिली। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कम्प्यूटर के माध्यम से वीसी कर रहे हैं, वह भी राजीव गांधी की देन है। राखी गौतम ने कहा कि राजीव गांधी का सपना भारत को 21वीं सदी की ओर ले जाना था और पंचायत राज व्यवस्था को मजबूत कर गांवों के विकास का मार्ग प्रशस्त करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार शहीदों का अपमान कर धर्म की राजनीति कर रही है, लेकिन कांग्रेसजन सरकार के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे।
जिला उपाध्यक्ष जगदीश थाडा ने कहा कि स्व. राजीव गांधी ने 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत किया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने सांप्रदायिक शक्तियों से सजग रहने की सलाह दी थी और भारत में डिजिटल क्रांति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने पंचायतों को अधिकार देकर गांव और शहरों को एक सूत्र में बांधने का प्रयास किया।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव डॉ. विजय सोनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सेवादल अध्यक्ष प्रेमराज लाहौरिया ने दिया। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी, उपाध्यक्ष हेमराज गौतम, महामंत्री श्याम गौतम, उपाध्यक्ष अनुराग गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष जयेश श्रृंगी, महिला प्रदेश सचिव मालती शर्मा, पूर्व पार्षद अमोलक देवी, मोहन सैनी, शकुंतला जोशी, योगेश विजयवर्गीय, पूर्व पार्षद अनूप कुमार अन्नू, सहकारिता प्रकोष्ठ अध्यक्ष विजय पंडित, एसटी प्रकोष्ठ अध्यक्ष कामेन्द्र मीणा, एससी प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव पारस वर्मा, अभाव अभियोग प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष गिरिराज भार्गव, कच्ची बस्ती प्रकोष्ठ शिवराज गुर्जर, जवाहर बाल मंच प्रकोष्ठ अध्यक्ष शुभम खुराना, मंडल अध्यक्ष संजय जैन, सिद्दिक अंसारी, प्रेम पालीवाल, मनीष भारद्वाज, शहजाद खान, प्रवीण नंदवाना, ओबीसी प्रकोष्ठ जिला महासचिव कैलाश खत्री, सेवादल संगठन महासचिव शशि शर्मा, अमित दाधीच, प्रफुल पाठक, सलीम भाई, भूपेश शाकयावल, अजय कासलीवाल, एडवोकेट हरीश गौतम, राहुल मेवाड़ा, रामदयाल वर्मा, नसरीन खानम, शबनम अंसारी, जाहिदा अब्बासी और शबनम खान सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने उनके राजनीतिक, तकनीकी और लोकतांत्रिक योगदान को याद करते हुए आधुनिक भारत के निर्माण में उनकी भूमिका को ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेस ने संगठनात्मक एकजुटता के साथ केंद्र सरकार की नीतियों पर भी राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
