कोटा, 02 अगस्त। रेलवे के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों (पेंशनर्स) तथा उनके परिवारजनों के लिए मंडल रेल चिकित्सालय, ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन, डब्ल्यूसीआरईयू, कोटा एवं इथॉस हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कोटा जंक्शन स्थित उमरावमल पुरोहित सभागार में मेगा हेल्थ चेकअप एवं मल्टी स्पेशलिटी कैंप का आयोजन किया गया।

ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन (एआईआरपीडब्ल्यूएफ) के अध्यक्ष जी. पी. सिंह और सचिव डी. के. अरोड़ा ने बताया कि शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि मंडल रेल चिकित्सालय, कोटा की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुपर्णा सेन राय, महिला विंग की चम्पा वर्मा तथा यूथ विंग के नरेश मालव और इरशाद खान ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शिविर में इथॉस हॉस्पिटल के 10 सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों ने विभिन्न रोगों से संबंधित परामर्श प्रदान किया। इसके साथ ही शिविर स्थल पर ही बीपी, शुगर, ईसीजी, बीएमडी, स्पिरोमेट्री तथा हेपेटाइटिस-बी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें भी की गईं।

इस स्वास्थ्य शिविर में 314 रेल कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के साथ 65 महिलाओं ने स्वास्थ्य परामर्श और विभिन्न जांचों का लाभ उठाकर आवश्यक निदान प्राप्त किया। डब्ल्यूसीआरईयू के इरशाद खान तथा इथॉस हॉस्पिटल के शैलेन्द्र भारद्वाज ने संवाददाताओं से बातचीत में बताया कि शिविर में महिलाओं और बच्चों के लिए भी विशेष परामर्श की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।

मुख्य अतिथि डॉक्टर सुपर्णा सेन राय ने अपने संबोधन में कहा कि रेलवे हॉस्पिटल की ओर से सभी लाभार्थियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, दवाइयां, त्वरित जांचें तथा समय-समय पर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों से परामर्श उपलब्ध कराया जाता रहेगा।

उद्घाटन सत्र का संचालन सचिव डी. के. अरोड़ा ने किया, जबकि अध्यक्षता एआईआरपीडब्ल्यूएफ के अध्यक्ष जी. पी. सिंह ने की। शिविर को सफल बनाने में उपाध्यक्ष आर. एन. सिंह, कोषाध्यक्ष आर. एस. बख्शी, कार्यकारिणी सदस्य जे. के. पाथरे, एम. एस. बग्गा, फिलीप राबर्ट, सतीश देवानी, रमेश, डी. एन. शर्मा, मोहन सिंह, इवेंजेलिना, आरपी मोर्य, एच. पी. राही, राजेश गौतम एवं सीताराम सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने विशेष योगदान दिया। रेलवे कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके परिवारजनों के लिए आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर व्यापक स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story