कोटा में पुरुषोत्तम मास के अवसर पर बाल गोपाल का नौका विहार आयोजित
दाधीच महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित मासिक कीर्तन श्रृंखला के तहत महिलाओं ने भजनों की प्रस्तुतियां देकर लड्डू गोपाल को सुसज्जित नौका में विहार कराया।

कोटा में आयोजित धार्मिक उत्सव के दौरान सज-धज कर भगवान बाल गोपाल के नौका विहार कार्यक्रम में संकीर्तन करतीं श्रद्धालु महिलाएं।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर दाधीच महिला मंडल के तत्वावधान में भगवान बाल गोपाल का पारंपरिक एवं भक्तिमय नौका विहार कार्यक्रम श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। इस आयोजन में भजनों और संकीर्तन के माध्यम से पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भक्ति भाव से भगवान श्रीकृष्ण को रिझाते हुए सामूहिक गायन प्रस्तुत किया, जिससे माहौल पूरी तरह कृष्णमय हो गया। महिला अध्यक्ष स्मिता दाधीच ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष अवसर पर भगवान के नौका विहार हेतु एक अलग जलाशय तैयार किया गया। इसे स्वच्छ जल से भरकर मोगरे के पुष्पों से आकर्षक रूप में सजाया गया। साथ ही जलाशय में गंगाजल एवं मोगरे के इत्र का छिड़काव कर उसे पवित्रता प्रदान की गई।
इसके पश्चात भगवान बाल गोपाल को विशेष रूप से सुसज्जित नौका में विराजमान कर श्रद्धापूर्वक नौका विहार कराया गया। इस दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने बारी-बारी से भगवान की सेवा करते हुए अपनी भक्ति भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम में महिलाओं ने “यमुना जी में नौका विहार कर रिया गिरधारी”, “जगन्नाथ चका नैन” और “मेरी छोटी सी है नाव” जैसे भजनों का सामूहिक गायन किया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
आयोजकों के अनुसार यह आयोजन प्रतिमाह आयोजित होने वाली कीर्तन श्रृंखला का हिस्सा है, जिसे इस बार पुरुषोत्तम मास के विशेष महत्व को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से नौका विहार के रूप में संपन्न किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन में दाधीच छात्रावास अध्यक्ष रवीन्द्र जोशी, मंत्री निमेष पुरोहित, महिला अध्यक्ष स्मिता शर्मा तथा महिला मंत्री अम्बिका शर्मा सहित महिला मंडल के सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामूहिक भक्ति और सांस्कृतिक परंपरा के जीवंत स्वरूप को भी दर्शाता है, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से अभिभूत कर दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
