कोटा में आयोजित होने जा रहे कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट को लेकर पर्यटन और आतिथ्य जगत में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है। देशभर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स, पर्यटन विशेषज्ञों और बड़ी टूर कंपनियों के शीर्ष अधिकारियों के स्वागत-सत्कार को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के दौरान अतिथियों के आतिथ्य में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए, क्योंकि यह आयोजन पूरे हाड़ोती क्षेत्र के पर्यटन विकास से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और महासचिव संदीप पाडिया ने जानकारी दी कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट को सफल बनाने के उद्देश्य से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के प्रदेश पदाधिकारियों ने पूरे सप्ताह के लिए कोटा में डेरा डाल दिया है। प्रदेश स्तर से संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा और सचिव रणविजय सिंह के नेतृत्व में पदाधिकारी कोटा पहुंचे और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा के लिए लगातार बैठकों का आयोजन किया गया।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि प्रदेश पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट कर उन्हें ट्रैवल मार्ट की व्यापक तैयारियों से अवगत कराया। इस दौरान उन्हें बताया गया कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट की गूंज पूरे देश में फैल चुकी है, जिसके चलते 26 राज्यों से टूर ऑपरेटर्स कोटा पहुंच रहे हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि जयपुर में आयोजित राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट की तुलना में इस बार कोटा में कहीं अधिक संख्या में टूर ऑपरेटर्स आ रहे हैं, जो हाड़ोती के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाता है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने ट्रैवल मार्ट की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि यह आयोजन हाड़ोती को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि अतिथियों का स्वागत उसी परंपरागत गर्मजोशी और सांस्कृतिक गरिमा के साथ होना चाहिए, जिसके लिए हाड़ोती क्षेत्र जाना जाता है।

प्रदेश पदाधिकारियों ने बताया कि इस ट्रैवल मार्ट में कई बड़ी टूर कंपनियों के सीईओ और डायरेक्टर भी शामिल होने जा रहे हैं। हाड़ोती के ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों की बहुलता के कारण इसे राज्य की एक नई और उभरती पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में देशभर में पसंद किया जा रहा है। इसी क्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के पदाधिकारियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए इवेंट कंपनियों के साथ-साथ कोटा स्थित एलबीएस स्कूल और जय मीनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी के होटल मैनेजमेंट के विद्यार्थियों के साथ भी बैठकें कीं। ट्रैवल मार्ट में प्रस्तुत की जाने वाली सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन कर उन्हें अंतिम रूप दिया गया।

उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की प्रदेश स्तरीय टीम और कोटा डिवीजन की पूरी टीम पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है, जिससे यह आयोजन न केवल ऐतिहासिक बने, बल्कि देशभर में आयोजित होने वाले ट्रैवल मार्ट्स के बीच एक नया कीर्तिमान भी स्थापित करे। यह आयोजन हाड़ोती पर्यटन को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में एक निर्णायक पहल साबित होगा।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संरक्षक सुरेंद्र सिंह शाहपुरा, सचिव रणविजय सिंह, कोटा फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, महासचिव संदीप पाडिया, कोषाध्यक्ष अंकुर गुप्ता, ट्रैवल मार्ट संयोजक अनिल मुन्दडा और झालावाड़ इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह ने बताया कि राजस्थान के सभी संभागों से होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के पदाधिकारी कोटा पहुंचने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को सफल बनाने में जिला प्रशासन, कोटा विकास प्राधिकरण, नगर निगम, व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों के साथ-साथ आमजन का भी पूरा सहयोग मिल रहा है।

वक्ताओं ने विश्वास जताया कि कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के माध्यम से हाड़ोती क्षेत्र देशभर की पर्यटन आइटनरी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगा। इसके साथ ही हाड़ोती को एक पर्यटन नगरी के रूप में विकसित करने की राह खुलेगी, जिससे यहां प्रतिवर्ष ट्रैवल मार्ट के आयोजन की संभावनाएं भी प्रबल होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि हाड़ोती आने वाले समय में डेस्टिनेशन मैरिज के हब के रूप में उभर सकता है और इससे लगभग चार लाख लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने का मार्ग प्रशस्त होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story