आईपीएल सितारों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों की मौजूदगी में 8 टीमों के बीच छिड़ेगी खिताबी जंग, विजेता पर 11 लाख की धनवर्षा।


कोटा, 21 फरवरी। कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा नयापुरा स्थित के जेके पेवेलियन अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पर राष्ट्रीय स्तरीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 का आयोजन किया जाएगा। जिसका उद्घाटन रविवार को प्रातः 9 बजे किया जाएगा। समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर एवं राजस्थान कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता अतिथि के तौर पर शामिल होंगे।

प्रतियोगिता का कार्यक्रम और आयोजन विवरण

कोटा जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष एवं प्रतियोगिता के आयोजन प्रभारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि:

"केपीएल के सभी मैच जेके पेवेलियन पर आयोजित होंगे। समापन 1 मार्च को होगा। इस दौरान आईपीएल एवं राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाडी विभिन्न टीमों में खेलते हुए नजर आएंगे।"

पोस्टर विमोचन और आयोजन समिति

प्रतियोगिता के पोस्टर का विमोचन शनिवार को किया गया। इस दौरान निम्नलिखित पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे:

  • मनोज शर्मा (अध्यक्ष), सत्यप्रकाश शर्मा (सचिव), सुरेश आनंद नीटू (कोषाध्यक्ष)।
  • दिव्य प्रताप सिंह हाड़ा (वरिष्ठ उपाध्यक्ष), शैलेन्द्र ऋषि (उपाध्यक्ष), जितेन्द्र चौधरी (उपाध्यक्ष)।
  • राजेन्द्र कुमार जैन, अशोक कुमार मीणा (संयुक्त सचिव), अजय नंदवाना (संयुक्त सचिव)।
  • कार्यकारिणी सदस्य: रितेश चित्तौड़ा, जय हरिसिंह जस्सू दिवाकर, संजय कुमार निझावन, महेन्द्र सिंह सिसोदिया, इंद्रमल जैन, धर्मेन्द्र सिंह हाड़ा, हरिकांत लवानिया, अशोक कुमार यादव।

विजेता को मिलेगी 11 लाख रूपये की पुरूस्कार राशि

अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि:

"प्रतियोगिता में विजेता टीम को 11 लाख रुपए एवं उपविजेता टीम को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके साथ ही मैन ऑफ द सीरीज के रूप में 51 हजार रूपए, प्रत्येक मैच में मैन ऑफ द मैच के रूप में 5100 रूपए, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज, क्षैत्ररक्षक, विकेटकीपर एवं प्रतियोगिता के उभरते हुए खिलाड़ी को 11 हजार रूपए सहित अन्य आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।"

इसके साथ ही आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता के लाइव प्रसारण एवं लाइव स्कोरिंग की व्यवस्था की जाएगी।

8 टीमों के बीच होंगे कड़े मुकाबले

सचिव सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि केपीएल 2026 में राष्ट्रीय स्तर की 8 टीमें शामिल होंगी:

  • कोटला रॉयल्स दिल्ली, इनविक्सो इंडियंस नोएडा, वीटीसीए नागपुर, जीआर जयपुर।
  • बाउण्ड्री ब्रेकर्स अजमेर, डब्ल्यूसीआर जबलपुर, कोटा डीसीए एवं राजस्थान यूनाइटेड।

प्रतियोगिता के दौरान लीग स्टेज पर राउंड रोबिन आधार पर अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नयापुरा पर प्रतिदिन 2 मैच होंगे। सभी मैच टी-20 अन्तर्राष्ट्रीय मापदण्डों पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 15 मैच खेले जाएंगे।

अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट खिलाडी और मुख्य अतिथि

अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि:

"कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 में कई इनफ्लुएंसर्स व अन्य सितारे शामिल होगे। अन्तराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाडी हरभजन सिंह सहित कई जाने माने अंतर्राष्ट्रीय व राष्ट्रीय खिलाडी भी शामिल होकर खिलाडियों व क्रिकेट प्रेमी दर्शकों का उत्साहवर्धन करेंगें।"

साथ ही चीयर लीडर्स खिलाडियों के चौके, छक्कों पर म्युजिक के साथ उत्साहवर्धन करेगी। इसके साथ ही भारत सरकार व राजस्थान सरकार के कई मंत्री, सांसद व विधायक एवं नेतागण प्रतियोगिता के दौरान शामिल होंगे।

तैयार हो रहा है अन्तर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

कोषाध्यक्ष सुरेश आनन्द नीटू ने बताया कि:

"कोटा में हो रहे सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 को सफल बनाने के लिए कोटा विकास प्राधिकरण व अन्य विभाग पूरा सहयोग कर रहे हैं। स्टेडियम में मैदान का समतलीकरण करने का काम पूर्ण हो चुका है। दर्शकों के लिए 2 बड़ी स्क्रीन लगाई जा रही है। जिसके माध्यम से वे मैच का आनन्द ले सकेंगे।"

मैदान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के क्यूरेटर द्वारा पिच तैयार की जा रही है। इसके अलावा खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए प्रेक्टिस पिच भी तैयार किए गए हैं।

दर्शकों का उत्साह और निशुल्क प्रवेश

अध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि:

"कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 के मैचों के दौरान स्टेडियम में आने वाले क्रिकेट प्रेमियों की संख्या बहुत अधिक होने का अनुमान है। कोटा में हो रहे राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिता में अनुमान के मुताबिक लगभग हर मैच में स्टेडियम खचाखच रहेगा।"

इसमें शहर के स्कूल्स, कॉलेज व कोचिंग संस्थान के स्टूडेंट्स भी शामिल होंगे। कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 से जुड़ने के लिए शहर के कई संस्थान आगे भी आ रहे हैं। कोटा प्रीमियर लीग (केपीएल) 2026 क्रिकेट प्रेमियों की एन्ट्री निशुल्क होगी। हर प्रकार की प्रशासनिक गाइडलाइन का पालन किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story