राजस्थान के कोटा शहर में करियर बनाने का सपना लेकर आने वाले हजारों छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और संबल सुनिश्चित करने के लिए कोटा पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। इसी क्रम में छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम द्वारा 'अनुभूति' सेशन की निरंतर श्रृंखला आयोजित की जा रही है। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के इंद्रविहार स्थित 'समर्थ' कैंपस में आयोजित विशेष सत्र के दौरान एसपी तेजस्वनी गौतम ने छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण टिप्स साझा किए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में छात्राओं को आश्वस्त किया कि वे यहां केवल अपने सपनों को साकार करने के लिए पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करें, जबकि उनकी सुरक्षा और अन्य समस्याओं के निराकरण की समस्त जिम्मेदारी स्थानीय अभिभावक के रूप में कोटा पुलिस और प्रशासन की है।

सुरक्षा तंत्र को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में एसपी गौतम ने 'के-एसओएस' (K-SOS) मोबाइल ऐप की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि कोटा में अध्ययनरत हजारों छात्र इसे डाउनलोड कर चुके हैं। किसी भी आपात स्थिति या परेशानी में जब विद्यार्थी इस ऐप के 'पैनिक बटन' का उपयोग करेंगे, तो इसकी तत्काल सूचना सीधे कंट्रोल रूम को प्राप्त होगी। सुरक्षा की दृष्टि से इस ऐप में 'स्टॉप बटन' की सुविधा भी दी गई है, जिसके उपयोग से पूर्व में दी गई सभी जानकारी स्वतः डिलीट हो जाएगी और विद्यार्थी की लाइव लोकेशन के आधार पर नजदीकी पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंच जाएगी। इसके अतिरिक्त, छात्राओं को मानसिक रूप से मजबूत होने का आह्वान करते हुए उन्होंने सीख दी कि छेड़खानी जैसी घटनाओं पर चुप रहने के बजाय तेज आवाज में विरोध करें, क्योंकि सजगता और साहस से ९९ प्रतिशत मामलों में आरोपित मौके से भाग जाता है।

कोटा पुलिस की विशेष 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' का उल्लेख करते हुए एसपी ने बताया कि यह महिला पुलिस टीम सादे कपड़ों और वर्दी में काली स्कूटी पर शहर के संवेदनशील इलाकों, कोचिंग सेंटरों, स्कूलों और बाजारों में २४ घंटे गश्त करती है। इस समर्पित यूनिट का मुख्य उद्देश्य छेड़छाड़ और चेन स्नेचिंग जैसे अपराधों पर लगाम लगाकर एक सुरक्षित वातावरण तैयार करना है। पुलिस अधीक्षक के इन प्रयासों और तकनीकी सुरक्षा उपायों ने न केवल छात्राओं में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ किया है, बल्कि कोटा को देश के अग्रणी और सुरक्षित एजुकेशनल हब के रूप में पुनः स्थापित करने की दिशा में एक सशक्त प्रभाव डाला है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story