कोटा: श्री पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर में अष्टम पाटोत्सव 20 अप्रैल से शुरू होगा
तीन दिवसीय महोत्सव में रक्तदान शिविर, 1008 जलधाराओं से सहस्रघट महाभिषेक और भव्य भजन संध्या के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

कोटा के श्री पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान भगवान शिव की आरती और पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु।
कोटा। राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा स्थित श्री पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर में भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रंगबाड़ी रोड, महावीर नगर तृतीय स्थित श्री पिप्पलेश्वर वाटिका कम्पीटीशन कॉलोनी में अष्टम प्राण प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं पाटोत्सव-2026 का त्रिदिवसीय आयोजन 20 अप्रैल से 22 अप्रैल 2026 तक अत्यंत समारोहपूर्वक संपन्न होगा। भगवान श्री पिप्पलेश्वर महादेव सेवा समिति के अध्यक्ष भारत भूषण अरोडा ने इस धार्मिक अनुष्ठान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 20 अप्रैल, वैशाख शुक्ल तृतीया को प्रातः 9 बजे मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर के साथ होगा। इस पुनीत कार्य में शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्वी गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी, वहीं भारत विकास परिषद के किशन पाठक के अनुसार शिविर के सफल संचालन में परिषद का पूर्ण सहयोग रहेगा।
महामंत्री जागेश्वर पाल गौड़ ने कार्यक्रम की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि 21 अप्रैल, वैशाख शुक्ल चतुर्थी को प्रातः 8 बजे से वर्ष में केवल एक बार होने वाला अतिदुर्लभ 'सहस्रघट महाभिषेक' आयोजित किया जाएगा। भगवान भूतनाथ की विशेष कृपा से संपन्न होने वाले इस दिव्य अनुष्ठान में श्रद्धालु 1008 जलधाराओं से होने वाले महाभिषेक के अलौकिक दर्शन कर सकेंगे। इसी क्रम में 21 अप्रैल की रात्रि 8 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें नई दिल्ली की सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री आरुषी गम्भीर अपनी मधुर वाणी से मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां देंगी। महोत्सव के अंतिम चरण में 22 अप्रैल, वैशाख शुक्ल पंचमी को सायं 4 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी वर्गों के हजारों भक्तजन महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। वर्तमान में इस वृहद धार्मिक समागम की व्यापक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जो क्षेत्र की आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का केंद्र बनेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
