राजस्थान की शिक्षा नगरी कोटा स्थित भगवान श्री पिप्पलेश्वर महादेव मंदिर में अष्टम प्राण प्रतिष्ठा महामहोत्सव एवं पाटोत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ सोमवार को भक्ति, सेवा और सामाजिक सरोकारों के अद्भुत संगम के साथ हुआ। मंदिर समिति एवं दिवाथर्व विकास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस त्रिदिवसीय महोत्सव का आगाज प्रातः 9 बजे आयोजित विशाल रक्तदान शिविर से हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए 108 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का सशक्त संदेश प्रसारित किया। इस पुनीत कार्य की सफलता में पिप्पलेश्वर सेवा समिति, दिवाथर्व विकास फाउंडेशन एवं जल संसद के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

शिविर का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौत्तम एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष विवेक राजवंशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए इस प्रयास की सराहना की और कहा कि रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान करने का सबसे बड़ा और पवित्र माध्यम बनता है। मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष भारत भूषण अरोड़ा ने बताया कि पाटोत्सव के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन करना ही समिति का मुख्य ध्येय है।

महामंत्री जागेश्वर पाल गौड़ ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि 21 अप्रैल 2026, वैशाख शुक्ल चतुर्थी को प्रातः 8 बजे से मंदिर परिसर में दुर्लभ सहस्रघट महाभिषेक का आयोजन किया जाएगा। भगवान भूतनाथ का यह अभिषेक 1008 जलधाराओं के साथ संपन्न होगा, जिसके दिव्य दर्शन का सौभाग्य श्रद्धालुओं को वर्ष में केवल एक बार ही प्राप्त होता है। इसी क्रम में आज रात्रि 8 बजे एक भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें नई दिल्ली की सुप्रसिद्ध भजन गायिका आरुषी गंभीर अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।

महोत्सव के समापन दिवस 22 अप्रैल 2026, वैशाख शुक्ल पंचमी को सायं 4 बजे विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करेंगे। इस गरिमामयी आयोजन के दौरान जी.डी. पटेल, गिरधर बडेरा, के.बी. नंदवाना, डॉ. अमित सिंह राठौड़, यज्ञदत हाडा, बांके बिहारी, कोषाध्यक्ष कुलदीप माहेश्वरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समर्पित कार्यकर्ता उपस्थित रहे। यह पाटोत्सव न केवल आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना है, बल्कि सामुदायिक सेवा की एक नई इबारत भी लिख रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story