कोटा, 15 नवंबर। कार्तिक शुक्ल षष्ठी के पावन अवसर पर श्री दिगम्बर जैन पुण्योदय अतिशय क्षेत्र, नसियां जी, दादाबाड़ी, कोटा में भव्य पिच्छी परिवर्तन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धर्ममय वातावरण में संपन्न हुआ। परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज एवं मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित धर्मसभा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। इस दौरान मुनिराजों ने अपने प्रवचनों में संयम, आत्मकल्याण, गुरु भक्ति और धर्माचरण को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

मुनि श्री 108 प्रणवसागर जी महाराज ने प्रवचन में कहा कि प्रत्येक श्रावक को जीवन के अंतिम समय तक संयम की भावना बनाए रखनी चाहिए और समाधिमरण की भावना रखनी चाहिए। जीवन को व्रत, नियम और संयम से सुशोभित करने के लिए निरंतर प्रयास करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जन्म-जन्मांतर के पुण्य से ऐसे महामुनिराजों का वर्षायोग प्राप्त हुआ और चार माह तक रत्नकरण्ड श्रावकाचार जैसे महत्वपूर्ण धर्मग्रंथ का वाचन एवं श्रवण करने का सौभाग्य मिला।

उन्होंने श्रावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि पांचों पापों का पूर्ण परित्याग करने अथवा कम से कम प्रत्येक पाप का एक-एक देश त्याग करने का संकल्प लेकर व्रत और नियमों की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। गुरु पारसमणि के समान होते हैं। उनके सान्निध्य में आने वाला व्यक्ति भी अपने जीवन को सोने के समान मूल्यवान बना सकता है। संयम महोत्सव का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि जीवन में संयम धारण करने की प्रेरणा लेना है।

इसके बाद निर्यापक श्रमण मुनि श्री 108 योगसागर जी महाराज ने मंगल प्रवचन में कहा कि मानव जीवन पाप करने के लिए नहीं, बल्कि धर्माराधना और आत्मकल्याण के लिए मिला है। पुण्योदय अतिशय क्षेत्र नसियां जी में मुनिधर्म के मूल गुणों का निर्बाध एवं निर्विकल्प रूप से पालन करने के लिए अनुकूल वातावरण प्राप्त हुआ है।

मुनि श्री ने कहा कि गुरु के चरणों में समर्पण, आस्था, विश्वास और श्रद्धा हो तो जीवन की विपरीत परिस्थितियां भी कल्याण का मार्ग बन जाती हैं। केवल प्रवचन सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि गुरु की वाणी को हृदयंगम कर अपने आचरण और व्यवहार में उतारना ही वास्तविक धर्म है।

उत्तम क्षमा धर्म की व्याख्या करते हुए मुनि श्री ने कहा कि जहां प्रतिशोध का अभाव होता है, वहीं उत्तम क्षमा का भाव प्रकट होता है। श्रावकों को शब्दों में उलझने के बजाय उनके पीछे छिपे भावों को समझना चाहिए। पर्याय दृष्टि छोड़कर अपने आत्मस्वभाव एवं ज्ञाता-द्रष्टा स्वरूप की ओर ध्यान देना चाहिए। आत्मज्ञान का निरंतर परिमार्जन करते हुए जीवन को आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ाना ही सच्ची धर्मसाधना है।

धर्मसभा के पश्चात पिच्छी परिवर्तन समारोह श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने मुनिराजों के प्रति विनय, वैराग्य और गुरु भक्ति प्रकट करते हुए संयममय जीवन जीने का संकल्प लिया। समारोह में मुनि श्री योगसागर जी महाराज की पुरानी पिच्छी मंजू विनोद जैन को तथा मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज की पुरानी पिच्छी संजय बीना लुहाडिया को प्रदान की गई। कार्यक्रम के समापन पर बाहर से पधारे सभी महानुभावों के लिए वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई।

श्री पुण्योदय अतिशय क्षेत्र में आयोजित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में भी श्रद्धालुओं ने भक्तिभावपूर्वक सहभागिता कर पुण्यार्जन किया। प्रशासनिक मंत्री श्रीमती अर्चना जैन सर्राफ ने बताया कि श्रावक श्रेष्ठी सम्मान, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन एवं शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ सरला मोहित एवं दीक्षा रोहित दिल्ली परिवार ने प्राप्त किया। कलश स्थापना एवं शास्त्र भेंट का पुण्यलाभ भी विभिन्न श्रद्धालु परिवारों ने अर्जित किया।

सुमित सेंकी एवं मनोज बगड़ा ने बताया कि शांतिधारा का पुण्यार्जन राजेंद्र, हुकम काका एवं प्रकाश हरसोरा परिवार, नवल, विवेक एवं अंकित सकरार, झांसी, श्रीमती सुशीला बाई, प्रभा एवं संतोष ठोरा परिवार तथा श्रीमती सुशीला बाई, अशोक एवं राजकुमार ठोरा परिवार ने प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने भक्तामर विधान में भी भक्तिभावपूर्वक सहभागिता कर धर्मलाभ अर्जित किया।

दर्शन बरमुंडा के अनुसार मुनि श्री योगसागर जी महाराज के आहारदान का पुण्यलाभ अजीत कुमार एवं निधि जैन, शाहगढ़ परिवार ने प्राप्त किया। वहीं सुनील माडिया के अनुसार मुनि श्री प्रणवसागर जी महाराज के आहारदान का सौभाग्य अनिल एवं दर्शन बरमुंडा परिवार को मिला।

धर्मसभा के समापन पर श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री की पूजन-अर्चना कर अर्घ्य समर्पित किए तथा जिनवाणी वंदना के माध्यम से धर्मलाभ अर्जित किया। पिच्छी परिवर्तन महोत्सव के माध्यम से चातुर्मास की आध्यात्मिक साधना को आगे बढ़ाते हुए श्रद्धालुओं को संयम, गुरु भक्ति, आत्मचिंतन और धर्माचरण का संदेश दिया गया। गुरु वाणी के माध्यम से मानव जीवन के वास्तविक उद्देश्य, उत्तम क्षमा के महत्व और आत्मा के ज्ञाता-द्रष्टा स्वरूप को पहचानने की प्रेरणा दी गई। साथ ही व्रत, नियम और संयम अपनाकर जीवन को सार्थक बनाने तथा एक-एक बुराई का त्याग कर आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान किया गया।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story