पतंजलि योगपीठ एवं विभिन्न योग संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय विशाल योग शिविर एवं कार्यकर्ता महासम्मेलन का प्रथम दिवस अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे कार्यक्रम में योग, राष्ट्रसेवा, अनुशासन एवं आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः साढ़े पाँच बजे आरंभ हुए इस विशाल योग शिविर में परम पूज्य स्वामी परमार्थ देव जी ने हजारों लोगों को योग, प्राणायाम एवं स्वस्थ जीवन शैली का संदेश दिया। इस शिविर में लगभग एक हजार योग साधक, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे। विशेष रूप से राजस्थान पुलिस के लगभग 150 अधिकारी एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योगाभ्यास कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।

इस भव्य कार्यक्रम में राजस्थान के लगभग 23 जिलों से आए जिला प्रभारी, तहसील प्रभारी, योग शिक्षक, कार्यकर्ता बंधु एवं योग साधकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। लगभग 200 से 250 प्रतिनिधियों ने राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचकर योग, सत्संग एवं संगठनात्मक मार्गदर्शन का लाभ लिया। योग शिविर को संबोधित करते हुए स्वामी परमार्थ देव जी ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक, संतुलित एवं ऊर्जावान बनाने का संपूर्ण विज्ञान है। उन्होंने कहा कि आज की तनावपूर्ण जीवनशैली, बढ़ती बीमारियों एवं मानसिक अशांति के समय में योग ही मानवता के लिए सबसे बड़ा समाधान है।

स्वामी परमार्थ देव जी ने आगे बल देते हुए कहा कि “योग सेवा ही राष्ट्र सेवा है”, क्योंकि योग से व्यक्ति स्वस्थ होता है, परिवार स्वस्थ होता है और अंततः पूरा राष्ट्र स्वस्थ एवं शक्तिशाली बनता है। योग करने से अनेक रोग दूर होते हैं, देश का आर्थिक भार कम होता है तथा योग, आयुर्वेद एवं इंटीग्रेटिव चिकित्सा के माध्यम से व्यक्ति की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।

आधिकारिक वक्तव्य के क्रम में इस अवसर पर आरएसी के डिप्टी कमांडेंट पवन जी जैन ने भी योग की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि वर्ष 2018 में इसी आरएसी प्रांगण में विश्व योग दिवस का भव्य आयोजन हुआ था, जहाँ एक विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया था। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति, अनुशासन एवं सकारात्मक जीवनशैली का भी सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने सभी को नियमित योग अपनाने का संदेश दिया।

इसके पश्चात प्रातः लगभग 11 बजे विशाल कार्यकर्ता बैठक एवं महासम्मेलन आयोजित किया गया, जिसका संचालन राजस्थान युवा प्रभारी संदीप जी कासनिया ने किया। बैठक में लगभग 800 जिला प्रभारी, तहसील प्रभारी, योग शिक्षक, कार्यकर्ता एवं साधकों ने सहभागिता की। इस संगठनात्मक बैठक में संगठन विस्तार, नई योग कक्षाओं की स्थापना, नियमित योग साधना एवं गाँव-गाँव तक योग पहुँचाने पर विशेष चर्चा हुई। स्वामी परमार्थ देव जी ने अपने विशेष उद्बोधन में कहा कि पूज्य स्वामी रामदेव जी का स्पष्ट संकल्प है कि देश के प्रत्येक गाँव, प्रत्येक मोहल्ले और छोटे से छोटे क्षेत्र तक योग कक्षाएँ संचालित होनी चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे केवल स्वयं योग न करें, बल्कि अधिकाधिक लोगों को भी योग से जोड़ें तथा नई योग कक्षाओं की स्थापना करें।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story