कोटा: 24 मई को स्वामी परमार्थ देव के सान्निध्य में होगा योग शिविर
पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित इस शिविर में हजारों साधकों के लिए आवास, भोजन और अनुशासन हेतु विशेष समितियां गठित की गई हैं।

पतंजलि योग समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोटा में 24 मई को होने वाले विशाल योग शिविर की तैयारियों की समीक्षा करते हुए।
कोटा। पतंजलि योग समिति, कोटा द्वारा आगामी 24 मई को आयोजित होने वाले विशाल योग शिविर एवं साधक सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर शहरभर में उत्साह का वातावरण है और स्वामी परमार्थ देव जी के आगमन की प्रतीक्षा में व्यापक जनसंपर्क अभियान निरंतर गति पकड़ रहा है। आयोजन की भव्यता सुनिश्चित करने के लिए पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों द्वारा पिछले कई दिनों से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिसमें कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
मुख्य संरक्षक श्री ईश्वरलाल सैनी ने इस आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग मात्र एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम है। स्वामी परमार्थ देव जी के कोटा आगमन को लेकर साधकों में विशेष उत्साह है। इस अभियान की सफलता के लिए प्रचार रथ के माध्यम से श्रीनाथपुरम, आर.के. पुरम, बसंत विहार और दादाबाड़ी सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जनसंपर्क किया जा रहा है, जहां कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को इस शिविर में सम्मिलित होने के लिए व्यक्तिगत आमंत्रण दे रहे हैं।
राज्य प्रभारी श्री अरविंद पांडे ने इसे जनजागरण एवं स्वास्थ्य चेतना का एक महत्वपूर्ण अभियान बताते हुए कहा कि शिविर में हजारों साधकों एवं नागरिकों की संभावित भागीदारी को देखते हुए भोजन, आवास, यातायात, अनुशासन, मंच एवं स्वागत व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न समितियाँ पूर्ण समर्पण के साथ कार्यरत हैं। प्रचार रथ के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कॉलोनियों में पम्पलेट वितरित कर आमजन को योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने में जुटे हैं।
वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री प्रदीप शर्मा ने बताया कि पिछले दस-पंद्रह दिनों से साधक एवं कार्यकर्ता पूर्ण ऊर्जा के साथ प्रचार में लगे हैं। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि सभी की सामूहिक मेहनत इस आयोजन को कोटा शहर में एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक योग महोत्सव के रूप में स्थापित करेगी। इस व्यापक जनसंपर्क अभियान में शंकर जी नागर, नरेंद्र शर्मा एवं सत्यनारायण जी गोचर सहित अनेक कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह महाआयोजन न केवल स्वास्थ्य चेतना का संचार करेगा, बल्कि कोटा को योगमय बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

