कोटा में पतंजलि योग शिविर के सफल आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न
आगामी 24 मई को आरएसी ग्राउंड में आयोजित होने वाले विशाल योग शिविर और साधक सम्मेलन की रूपरेखा और समितियों के गठन पर चर्चा की गई।

कोटा के शॉपिंग सेंटर स्थित अजीत रेस्टोरेंट में आगामी 24 मई को आयोजित होने वाले विशाल योग शिविर की रूपरेखा तय करने के लिए पतंजलि योग समिति के पदाधिकारियों की बैठक।
कोटा। पतंजलि योग समिति जिला कोटा द्वारा आगामी 24 मई को आयोजित किए जाने वाले विशाल इंटीग्रेटेड योग शिविर एवं साधक सम्मेलन की रूपरेखा तैयार करने के उद्देश्य से आज शॉपिंग सेंटर स्थित अजीत रेस्टोरेंट में एक भव्य बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में लगभग 70 से 80 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को अभूतपूर्व सफलता प्रदान करने हेतु बैठक के दौरान विभिन्न समितियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को विशेष दायित्व सौंपे गए।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि योग शिविर एवं कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्ण अनुशासन, भव्यता और सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए अलग-अलग समितियाँ कार्य करेंगी। इसके अंतर्गत भोजन, आवास, यातायात, बैठक एवं बिछावन, मंच व्यवस्था, मंच संचालन, स्वागत, संचार और अनुशासन समिति सहित अनेक समितियों का गठन किया गया है। विशेष रूप से यह भी निर्धारित किया गया कि आरएसी ग्राउंड तक अधिक से अधिक साधकों और नागरिकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से बस एवं अन्य यातायात साधनों की व्यवस्था की जाएगी। बैठक में शिविर स्थल पर हजारों लोगों के बैठने, विश्राम, भोजन और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने पर गहन चर्चा हुई।
पतंजलि योग समिति जिला कोटा द्वारा आयोजित इस शिविर को कोटा पुलिस प्रशासन का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयोजन में आरएसी के अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। बैठक में डिप्टी कमांडेंट आरएसी कोटा श्री पवन कुमार जैन के विशेष सहयोग का उल्लेख किया गया, जिन्होंने पूर्व में भी शहर में अनेक सामाजिक एवं पौधारोपण अभियानों में महती भूमिका निभाई है। कार्यक्रम में शहर पुलिस अधीक्षक श्रीमती तेजस्विनी गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह आयोजन जनस्वास्थ्य एवं योग जागरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कड़ी सिद्ध होगा।
प्रातः 10 बजे प्रारंभ हुई इस बैठक के उपरांत सभी कार्यकर्ताओं के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था की गई, जिसे सभी ने स्नेहपूर्ण वातावरण में ग्रहण किया। इसी क्रम में सायं 4 बजे केंद्रीय प्रभारी स्वामी परमार्थ देव जी के सानिध्य में एक महत्वपूर्ण ज़ूम मीटिंग संपन्न हुई, जिसमें लगभग 152 पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ऑनलाइन सहभागिता की। इस बैठक में राजस्थान राज्य प्रभारी श्री अरविंद पांडे सहित विभिन्न जिलों के प्रभारी, अध्यक्षगण एवं जिला कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
अपने ओजस्वी उद्बोधन में स्वामी परमार्थ देव जी ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पूज्य स्वामी रामदेव जी द्वारा विश्वभर में योग को स्थापित करने के लिए चलाया जा रहा अभियान एक महायज्ञ है और कोटा का यह शिविर उसी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने वर्तमान समय में योग के प्रचार-प्रसार को चौगुनी गति से आगे बढ़ाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग स्वस्थ, संयमित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपना सकें। बैठक में श्री अरविंद पांडे, मुख्य संरक्षक इश्वरलाल सैनी, प्रदीप शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय सूद, गिर्राज महरा, वीणा चौधरी, शंकर नागर, सत्यनारायण गोचर सहित अनेक गणमान्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में प्रदीप शर्मा ने सभी को पूर्ण क्षमता एवं समर्पण भाव से जुट जाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह आयोजन योग जागरण का एक ऐतिहासिक अभियान बनेगा, जो समाज के हर वर्ग तक स्वस्थ जीवन का संदेश पहुँचाएगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
