कोटा महानगर में भगवान परशुराम प्राकट्य महोत्सव 2026 के उपलक्ष्य में ब्राह्मण समाज द्वारा शक्ति और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। आगामी 18 अप्रैल को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर गोदावरी धाम में ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों एवं उपवर्गों के प्रमुख पदाधिकारियों की एक निर्णायक बैठक संपन्न हुई। आयोजन का विधिवत शुभारंभ गोदावरी धाम स्थित प्रथम पूज्य गणेश जी को पारंपरिक रूप से निमंत्रण देकर किया गया, जिसके साथ ही अब घर-घर पीले चावल बांटकर समाज बंधुओं को आमंत्रित करने का अभियान शुरू होगा।

शोभायात्रा के संयोजक महंत बाबा शैलेंद्र भार्गव के अनुसार, इस महत्वपूर्ण बैठक में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा सहित शहर के चार प्रमुख ब्राह्मण संगठनों और 35 से अधिक उपवर्ग संगठनों के पदाधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यह भव्य शोभायात्रा 18 अप्रैल को सायंकाल 5 बजे तलवंडी स्थित परशुराम सर्किल से प्रारंभ होगी। शहर के प्रमुख मार्गों से गौरवमयी प्रस्थान करते हुए यह यात्रा भगवान परशुराम वाटिका पहुंचेगी, जहां भगवान परशुराम जी की महाआरती के पश्चात उपस्थित संत समाज द्वारा आशीर्वचन प्रदान किए जाएंगे।

प्रवक्ता रमेश गौतम ने कार्यक्रम की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि शोभायात्रा में विभिन्न संगठनों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और डीजे की धुनों पर थिरकते श्रद्धालु समां बांधेंगे। विशेष रूप से हवन करते हुए बटुकों की जीवंत झांकी आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। अनुशासन और परंपरा को दर्शाने के लिए पुरुषों हेतु भगवा या सफेद कुर्ता-पजामा एवं धोती तथा मातृशक्ति के लिए पीली साड़ी या सूट का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है, जो शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगाएगा।

आयोजन की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बैठक में अखिल ब्राह्मण महासभा, सर्व ब्राह्मण समाज, ब्राह्मण कल्याण परिषद, राजस्थान ब्राह्मण महासभा, ब्राह्मण समाज जागृति मंच और मातृशक्ति संगठन के साथ-साथ गौतम, सनाढ्य, दाधीच, नागर, त्यागी, खांडल विप्र, सारस्वत, पालीवाल, पाराशर, कान्यकुब्ज, पुष्करणा, भूमिहार, मैथिल, भार्गव, पारीक, गॉड, चतुर्वेदी, श्रृंगी, नंदवाना, चमन गौड़, हरियाणा गौड़, महाराष्ट्रीयन, आदि गौड़ बृहस्पति, औदिच्य, श्री गौड, गालव, सरयू पारीण, पारोत्रा, सूर्य द्विज, तेलंगाना, चौबीस और ब्रह्म भट्ट ब्राह्मण समाज सहित 35 से अधिक उपघटक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर इस महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प दोहराते हुए समस्त समाज बंधुओं से भारी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story