कोटा में पंचकल्याणक महोत्सव: ज्ञान कल्याणक पर भरत-बाहुबली नाटक व ज्ञान गोष्ठी
गिरधरपुरा की शौरीपुर नगरी में आयोजित महोत्सव में हजारों बच्चों ने सिद्धम पाठशाला में जैन तत्वज्ञान सीखा और श्रद्धालुओं ने युगल वैभव प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

कोटा के पंचकल्याणक महोत्सव में सफेद वस्त्र पहने जैन श्रद्धालु सिर पर धातु की प्रतिमा रखकर धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं।
कोटा। धार्मिक नगरी कोटा में कुंदकुंद कहान दिगम्बर जैन मुमुक्षु आश्रम, गिरधरपुरा के निकट निर्मित शौरीपुर नगरी में श्री नेमिनाथ दिगम्बर जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत धार्मिक, आध्यात्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के अंतर्गत ज्ञान कल्याणक कार्यक्रम में भरत-बाहुबली के आदर्शों के माध्यम से त्याग, तप, संयम, वैराग्य और आत्मकल्याण का संदेश दिया गया। वहीं, ज्ञान गोष्ठी में विद्वानों ने अपने विचार रखे और सिद्धम पाठशाला में हजारों बच्चों ने जैन तत्वज्ञान की जानकारी प्राप्त की।
महोत्सव के अध्यक्ष प्रेमचंद बजाज ने बताया कि शौरीपुर नगरी में आयोजित पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का स्वरूप देखते ही बन रहा है। ज्ञान कल्याणक महोत्सव की शुरुआत प्रातःकाल भगवान नेमिनाथ की पूजन-अर्चना के साथ हुई। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ लिया और भगवान के गुणों का स्मरण किया। इसके बाद मुनि नेमिनाथ की आहारचर्या का कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें अनेक साधर्मियों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ आहारदान देकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
महोत्सव की पूर्व संध्या पर मुमुक्षु आश्रम कोटा के विद्यार्थियों ने 'इतिहास के दो सूर्य-भरत बाहुबली' नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। नाटक में भरत और बाहुबली के जीवन प्रसंगों के माध्यम से त्याग, तप, संयम, वैराग्य और आत्मकल्याण का संदेश प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि सांसारिक वैभव और सत्ता से बढ़कर आत्मज्ञान एवं आत्मकल्याण का मार्ग महत्वपूर्ण है।
दोपहर में आयोजित ज्ञान गोष्ठी की अध्यक्षता नागपुर के राकेश जी शास्त्री ने की। इसमें देवेंद्र जी बिजौलिया, संभव जी शास्त्री पोन्नूर, विक्रांत जी झालरापाटन, आशीष जी शास्त्री कोटा, शुभम जी शास्त्री भोपाल, अचल जी शास्त्री उज्जैन एवं मुदित जी शास्त्री मुमुक्षु आश्रम ने अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने ज्ञान, धर्म, अध्यात्म और जीवन में धार्मिक संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को धर्ममार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। विद्वानों ने ज्ञान के माध्यम से आत्मकल्याण की दिशा में निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
ज्ञान गोष्ठी के बाद श्रद्धा और भक्ति के साथ ज्ञान कल्याणक महोत्सव मनाया गया। इस दौरान धर्म और ज्ञान की महत्ता समझाते हुए आत्मिक उन्नति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधर्मियों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता निभाई।
सायंकाल में बालक-बालिकाओं के लिए सिद्धम पाठशाला आयोजित की गई, जिसमें हजारों बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तत्वज्ञान का लाभ प्राप्त किया। पाठशाला के माध्यम से बच्चों को धार्मिक सिद्धांतों, जैन दर्शन और संस्कारों से परिचित कराया गया। साथ ही उन्हें जीवन में सदाचार, संयम और नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी गई।
रात्रि में महोत्सव के समापन अवसर पर आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी साधर्मियों का आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि साधर्मियों के सहयोग, समर्पण और सामूहिक सहभागिता से ही इस तरह के धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन सफल होते हैं। पूरे दिन के कार्यक्रमों में श्रद्धा, भक्ति, ज्ञान और संस्कारों का संगम देखने को मिला।
महोत्सव के तहत कोटा के कोहिनूर, अध्यात्म जगत के सुदृढ़ स्तंभ, चैतन्य के चितेरे और काव्य सम्राट आदरणीय बाबू जुगल किशोर जी 'युगल' के जीवन पर आधारित 'युगल वैभव प्रदर्शनी' भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। तन्मय जैन एवं ध्याता जैन ने बताया कि प्रदर्शनी के लिए विशेष रूप से 'युगल वैभव एक्सपीरियंस सेंटर' तैयार किया गया है। यहां आने वाले श्रद्धालु बाबू युगल जी के जीवन, उनकी साधना और संघर्ष को करीब से देख और अनुभव कर रहे हैं।
एक्सपीरियंस सेंटर में बाबू युगल जी की जीवन यात्रा को क्रमबद्ध और भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया है। बचपन से ही उन्हें काव्य सृजन का गहरा शौक था। प्रारंभिक जीवन में वे सच्चे राष्ट्रभक्त रहे और उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भाग लिया। उन्होंने पूज्य स्वामी जी की वाणी को गहराई से आत्मसात किया और जैन तत्वज्ञान के गूढ़ मर्म को सरल एवं मधुर काव्य के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाया।
यह प्रदर्शनी श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत लगाई गई है। महोत्सव में देशभर से लगभग 5000 श्रद्धालु और लगभग 100 विद्वान पहुंचे हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रतिदिन एक्सपीरियंस सेंटर पहुंचकर बाबू युगल जी के जीवन और साहित्य से प्रेरणा ले रहे हैं।
महोत्सव का समापन गुरुवार को मोक्ष कल्याणक के साथ होगा। इस अवसर पर गिरनार पर्वत की रचना, निर्वाण महोत्सव, श्री जिनेंद्र शोभायात्रा, जिनालय उद्घाटन, ध्वजारोहण, श्रीजी को विराजमान करने, शिखर पर कलशारोहण और ध्वजदंड स्थापना सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के साथ पंच कल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव का समापन होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
