कोटा, 11 अक्टूबर।

राजस्थान सरकार के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा के हालिया बयान को लेकर किसानों में रोष व्याप्त है। भारतीय राष्ट्रीय किसान महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज दुबे ने मंत्री के इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि किसानों को “यूरिया ब्लैक करने वाला” बताना न केवल अन्नदाता का अपमान है, बल्कि यह भाजपा सरकार की नाकामी को छिपाने का प्रयास भी है।

मनोज दुबे ने कहा कि कृषि मंत्री का यह कहना कि “किसान यूरिया ब्लैक करता है” बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार स्वयं किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने में विफल रही है। ऐसे में किसानों को दोषी ठहराना न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि किसान समुदाय की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला भी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेशभर में किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में घंटों खड़ा रहना पड़ रहा है, बावजूद इसके उन्हें आवश्यक मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही है। कई स्थानों पर किसानों को एक बैग खाद के लिए लाठियां तक खानी पड़ी हैं, फिर भी कृषि मंत्री किसानों को ही “बेईमान” बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं।

किसान नेता ने कहा कि वास्तविकता यह है कि सरकार न तो किसानों को फसलों का उचित मूल्य दे पा रही है, न अतिवृष्टि से हुए नुकसान का मुआवजा, और न ही सिंचाई व बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करा पा रही है। इन सब विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए किसानों को दोषी ठहराया जा रहा है, जो बेहद दुखद है।

मनोज दुबे ने तीखे शब्दों में कहा कि “किसान चोरी नहीं करता, वह देश का पेट भरता है। चोरी तो वे करते हैं जो सत्ता में बैठकर जनता को गुमराह करते हैं।” उन्होंने कहा कि किसानों के प्रति इस तरह की अमर्यादित भाषा का प्रयोग निंदनीय है और कृषि मंत्री को अपने बयान पर सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए।

किसानों के प्रतिनिधि संगठन ने सरकार से मांग की है कि प्रदेश में खाद की किल्लत दूर की जाए, किसानों को पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और उनके साथ हो रहे अपमान पर रोक लगाई जाए। अन्यथा यह असंतोष आने वाले दिनों में किसान आंदोलन का रूप ले सकता है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story