कोटा: रेलवे कर्मचारियों व आश्रितों को कैंसर इलाज में नई राहत, मंडल रेल चिकित्सालय ने जयपुर के महावीर कैंसर हॉस्पिटल से की संबद्धता
कोटा में रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी राहत, मंडल रेल चिकित्सालय और जयपुर के भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल के बीच MOU पर हस्ताक्षर। अब कोटा में ही आधुनिक कैंसर इलाज की सुविधा उपलब्ध, फेडरेशन के प्रयासों से रेलवे परिवारों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि।

कोटा, 31 दिसंबर। रेलवे कर्मचारियों और उनके आश्रितों के लिए चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी राहत की खबर आई है। मंडल रेल चिकित्सालय कोटा मण्डल (पमरे) और भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, जयपुर के बीच समझौता पत्र (MOU) पर आधिकारिक हस्ताक्षर किए गए हैं, जिससे अब कोटा में ही आधुनिक कैंसर इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
इस महत्वपूर्ण संबद्धता समारोह का आयोजन ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन (एआईआरपीडब्ल्यूएफ) के कार्यालय में किया गया। इस अवसर पर कैंसर हॉस्पिटल के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर मेजर जनरल (रिटायर्ड) श्री एस सी पारीख और उनके प्रतिनिधि शामिल हुए। उनका स्वागत फेडरेशन के सहायक महामंत्री मुकेश गालव, सदस्य इरशाद खान, अध्यक्ष जी पी सिंह, सचिव डी के अरोड़ा, कोषाध्यक्ष रफीक मोहम्मद और राकेश भार्गव ने माल्यार्पण कर किया।
मेजर जनरल एस सी पारीख ने इस अवसर पर हॉस्पिटल में उपलब्ध आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि यदि समय पर डायग्नोसिस और ईलाज किया जाए तो कैंसर पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। सहायक महामंत्री मुकेश गालव ने बताया कि संबद्धता (MOU) हेतु फेडरेशन लंबे समय से प्रयासरत था ताकि रेलवे कर्मचारी और उनके आश्रित कोटा के पास ही सुविधायुक्त और आधुनिक इलाज प्राप्त कर सकें। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले मरीजों को इलाज के लिए मुंबई के कैंसर अस्पतालों में भेजा जाता था।
मुकेश गालव ने आगे कहा कि कोटा मण्डल में शीघ्र ही कैंसर पीड़ितों के लिए विशेष चिकित्सा कैंप भी आयोजित किया जाएगा। फेडरेशन के सचिव डी के अरोड़ा तथा अन्य पदाधिकारियों ने इस सफलता को रेल कर्मचारियों, पेंशनर्स और उनके आश्रितों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में फेडरेशन के अध्यक्ष जी पी सिंह ने उपस्थित सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया और आभार व्यक्त किया। इस संबद्धता के माध्यम से अब कोटा में ही आधुनिक और सुविधायुक्त कैंसर इलाज की सुविधा मिलना रेलवे कर्मचारियों व उनके परिवारों के लिए एक बड़ी राहत और ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
