कोटा दशहरा मेले में रंगों से सजा रावण, दुबई उड़ते विमान और राजस्थानी मांडणों की दिखी झलक
कोटा राष्ट्रीय मेला दशहरा में आयोजित रंगोली, मेहंदी और मांडणा प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया गया सम्मानित।

प्रतिभागी कोटा के राष्ट्रीय मेला दशहरा में रंगोली बनाते हुए नजर आ रहे हैं।
कोटा के राष्ट्रीय मेला दशहरा 2026 में मंगलवार, 27 अक्टूबर को आयोजित मेहंदी, मांडणा और रंगोली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगोली में प्रतिभागियों ने रंगों के माध्यम से राष्ट्रीय मेला दशहरा के रावण और कोटा एयरपोर्ट से दुबई के लिए उड़ान भरते विमान को दर्शाया। वहीं, मांडणा प्रतियोगिता में कूँची से राजस्थानी लोक परंपरा के पारंपरिक मांडणे उकेरे गए।
रंगोली प्रतियोगिता में युवक-युवतियों और महिलाओं ने रंगों के जरिए अपने विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त किया। प्रतिभागियों ने सामाजिक संदेशों को भी रंगोली के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में भोपाल की फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी रुचि सराठे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। झालावाड़ के झालरापाटन की प्रियंका शर्मा द्वितीय और कोटा की महावीर नगर विस्तार योजना निवासी लेखा राठौर तृतीय स्थान पर रहीं।
मेहंदी प्रतियोगिता में महिलाओं ने भरवां डिजाइन, फूलों और धार्मिक चिह्नों के माध्यम से आकर्षक आकृतियां बनाईं। प्रतियोगिता में कुल 41 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को मेहंदी बनाने के लिए एक घंटे का समय दिया गया था। प्रतियोगिता में कोटा के शिवपुरा की प्रियंका विजयवर्गी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि झालावाड़ की माधुरी मेहरा द्वितीय स्थान पर रहीं। बूंदी के हिंडोली की शिल्पा सैनी और कोटा के बोरखेड़ा की अंश राजपूत तृतीय स्थान पर रहीं।
मांडणा प्रतियोगिता में महिलाओं ने कूँची की सहायता से दीवारों पर राजस्थानी लोक परंपरा को उकेरा। पारंपरिक कला के प्रदर्शन के लिए प्रतिभागियों को 45 मिनट का समय दिया गया था। प्रतियोगिता में बूंदी के दीपक मीणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जवाहर नगर की सोनम सोनी द्वितीय और नान्ता के श्याम सैनी तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम में महापौर अनुसुईया गोस्वामी के साथ अतिथि के रूप में पूर्व पार्षद गायत्री जाजपुरा, पूर्व पार्षद रेखा गोस्वामी, पूर्व पार्षद रेखा जैन, जिला आईटी संयोजक मोनिका माहेश्वरी, आई हॉस्पिटल आवर की अनीता शर्मा, भाजपा दादाबाड़ी मंडल की उपाध्यक्ष श्रीमती मीना विजय, सुकल्प ब्यूटी जोन की निदेशक श्रीमती विनीता ऋषि (लवली), सीमा चौधरी, पार्षद सुनीता नायक, पार्षद प्रमिला वर्मा और कविता पचवारिया उपस्थित रहीं।
इस दौरान कार्यक्रम प्रभारी उपायुक्त श्रीमती भावना सिंह, निर्मला मैम, आरती परिहार एक्सईएन, सपना डीएलआर, ऋचा गौतम, रूपम, पूजा राठौड़, अंतिमा, प्रतीक्षा, मीनल जोशी और रूपम तिवारी भी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने कहा कि इन आयोजनों को देखकर ग्रामीण क्षेत्रों की परंपराओं की यादें ताजा हो जाती हैं। वहीं, उपायुक्त भावना सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कोटा शहर की छिपी हुई पाक-कला प्रतिभाओं को एक बेहतरीन मंच प्रदान करना रहा, जहां वे अपने रचनात्मक स्वाद और पाक-कौशल का प्रदर्शन कर सकें।
कार्यक्रम का संचालन हेमलता गांधी ने किया। राष्ट्रीय मेला दशहरा के अंतर्गत आयोजित इन प्रतियोगिताओं में रंगोली, मेहंदी और मांडणा के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति प्रस्तुत की और राजस्थानी लोक परंपराओं की झलक दिखाई।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
