कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को रावतभाटा रोड स्थित कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नए कॉर्पोरेट कार्यालय भवन का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया। समारोह की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने की। इस अवसर पर ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, कोटा जिला सहकारी थोक उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, बैंक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि ओम बिरला ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि कोटा नागरिक सहकारी बैंक ने छह दशकों से अधिक समय में जनता का विश्वास अर्जित किया है और नया कॉर्पोरेट भवन भविष्य की आधुनिक बैंकिंग आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बेहतर ग्राहक सेवाओं का नया केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए गौतम कुमार दक ने कहा कि राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं को तकनीकी रूप से सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नया भवन बैंक की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और सेवा गुणवत्ता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रस्तावित कॉर्पोरेट कार्यालय केवल ईंट-पत्थर का ढांचा नहीं, बल्कि विश्वास, सेवा और भविष्य की सोच का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि यह भवन आधुनिक बैंकिंग, डिजिटल सुरक्षा, कर्मचारी प्रशिक्षण और ग्राहकों को उत्कृष्ट सेवाएं उपलब्ध कराने का केंद्र बनेगा। उन्होंने आर्किटेक्ट, अभियंताओं, अधिकारियों एवं बैंक परिवार के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैंक का उद्देश्य केवल सुंदर भवन बनाना नहीं, बल्कि छोटे व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और प्रत्येक परिवार के सपनों को मजबूती देना है।

प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने बैंक की विकास यात्रा एवं प्रस्तावित भवन की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि भवन का डिज़ाइन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे बैंक के प्रशासनिक कार्य अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनेंगे।

समारोह में बैंक के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा, संचालक मंडल के सदस्य सुरेशचंद्र काबरा, महेंद्र कुमार शर्मा, महावीर सुवालका, राकेश जैन, ओमप्रकाश मेहरा, अशोक कुमार मीणा, शैलेन्द्र ऋषि, नंदलाल प्रजापति, पद्मिनी हाड़ा, तनोषा बादल, नवनीत जाजू, प्रेम भाटिया, अरुणा भार्गव, ओम माहेश्वरी, जगदीश जिन्दल, नितिन विजयवर्गीय, सुरेन्द्र गोयल, महेशचंद्र अजमेरा, राजेन्द्र कुमार जैन एवं शक्ति निगम सहित बैंक के अधिकारी, कर्मचारी, सदस्य और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए कॉर्पोरेट कार्यालय भवन का शिलान्यास बैंक की भविष्य की प्रशासनिक क्षमता, आधुनिक बैंकिंग सेवाओं और सहकारिता आधारित विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story