कोटा नागरिक सहकारी बैंक के नए कॉर्पोरेट मुख्यालय का भूमि पूजन, डिजिटल बैंकिंग विस्तार की रखी आधारशिला
कोटा नागरिक सहकारी बैंक के नए कॉर्पोरेट कार्यालय का भूमि पूजन हुआ। ओम बिरला, गौतम कुमार दक समेत कई जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में डिजिटल बैंकिंग विस्तार पर जोर दिया गया।

तस्वीर में कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के कॉर्पोरेट कार्यालय शिलान्यास समारोह के दौरान मंच पर खड़े अतिथि नजर आ रहे हैं।
कोटा नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के नए कॉर्पोरेट कार्यालय भवन का रविवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने की। कार्यक्रम में ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, कोटा सरस डेयरी अध्यक्ष चेनसिंह राठौड़, पूर्व महापौर राजीव अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, बैंक पदाधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। समारोह का संचालन बैंक के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा ने किया तथा अंत में प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक व्यवस्था नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कोटा नागरिक सहकारी बैंक ने सस्ती ब्याज दरों पर ऋण उपलब्ध कराकर हजारों परिवारों के आर्थिक और सामाजिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है तथा लोगों को साहूकारों के चंगुल से मुक्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने बैंक के 62 हजार सदस्यों को जनविश्वास का प्रमाण बताते हुए कहा कि नया कॉर्पोरेट कार्यालय आधुनिक बैंकिंग, डिजिटल सेवाओं और उत्कृष्ट ग्राहक सुविधाओं का केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक ने कहा कि राज्य सरकार सहकारी संस्थाओं को तकनीकी रूप से सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कोटा-हाड़ौती में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने में बिरला परिवार की भूमिका की सराहना करते हुए विभिन्न सहकारी संस्थाओं में उनके योगदान और कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि देश में पहली बार प्रधानमंत्री मोदी ने सहकारिता की ताकत को पहचानकर सहकारिता विभाग अलग से बनाया। बैंक की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में बैंक ने 3.82 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ अर्जित किया तथा बैंक का कुल कारोबार 1100 करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि बैंक अपने सदस्यों को 10 प्रतिशत लाभांश प्रदान कर रहा है, जो सहकारिता मॉडल की सफलता का उदाहरण है।
बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि प्रस्तावित कॉर्पोरेट कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि विश्वास, सेवा और भविष्य की सोच का प्रतीक होगा। उन्होंने कहा कि यहां आधुनिक बैंकिंग, डिजिटल सुरक्षा, कर्मचारी प्रशिक्षण और उत्कृष्ट ग्राहक सेवाओं की अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि बैंक छोटे व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। बैंक वर्तमान में एटीएम नेटवर्क, लॉकर, आरटीजीएस, नेफ्ट, आईएमपीएस, आवास, वाहन, कैश क्रेडिट एवं मॉर्गेज ऋण जैसी सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की कुल जमा राशि 845.36 करोड़ रुपये, सीआरएआर 25.24 प्रतिशत तथा शुद्ध लाभ 3.82 करोड़ रुपये है। बैंक में क्यूआर स्कैनर सुविधा शुरू कर दी गई है और शीघ्र ही यूपीआई सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।
प्रबंध निदेशक बीना बैरवा ने बैंक की विकास यात्रा और प्रस्तावित भवन की विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि भवन का डिज़ाइन भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे प्रशासनिक कार्यों और ग्राहक सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि वर्ष 1962 में मात्र 32 सदस्यों से शुरू हुई यह संस्था आज हजारों परिवारों के विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। वहीं ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने कहा कि यह वास्तव में जनता का बैंक है, जो विशेष रूप से सामान्य एवं पिछड़े वर्ग के लोगों को वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक की कुल जमा राशि 845.36 करोड़ रुपये तथा शुद्ध एनपीए 1.98 प्रतिशत है।
कार्यक्रम में हितकारी सहकारी समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला, महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष मंजू बिरला, सभा नम्बर-108 की अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला, अतिरिक्त रजिस्ट्रार बैंकिंग बलविंदर सिंह गिल, एमडी सीसीबी रायसिंह मौजावत, उप रजिस्ट्रार राजेश मीना, सहकारी अधिकारी ऋतु सपरा, रजनीबाला मीना, सौमित्र मंगल, मुकेश गर्ग सहित समारोह में बैंक के उपाध्यक्ष हेमराज सिंह हाड़ा, संचालक मंडल के सदस्य सुरेशचंद्र काबरा, महेंद्र कुमार शर्मा, महावीर सुवालका, राकेश जैन, ओमप्रकाश मेहरा, अशोक कुमार मीणा, शैलेन्द्र ऋषि, नंदलाल प्रजापति, पद्मिनी हाड़ा, तनोषा बादल, नवनीत जाजू, अरुणा भार्गव, ओम माहेश्वरी, सुरेन्द्र गोयल, महेशचंद्र अजमेरा, राजेन्द्र कुमार जैन एवं भक्ति निगम सहित बैंक के समस्त प्रतिनिधिगण, अधिकारी, कर्मचारी, सदस्य और बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए कॉर्पोरेट कार्यालय की आधारशिला के साथ बैंक ने आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं के विस्तार और बेहतर ग्राहक सेवा की दिशा में अपनी आगामी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण चरण प्रारंभ किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
