राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस का कार्यक्रम, नगर निगम चुनाव आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी
कोटा में राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने पुष्पांजलि और गोष्ठी आयोजित की। वहीं नगर निगम चुनाव को लेकर बढ़ते उत्साह के बीच आवेदन की अंतिम तिथि 23 अगस्त तक बढ़ाई गई, गुरुवार को 150 आवेदन जमा हुए।

तस्वीर में कोटा में राजीव गांधी नगर स्थित आईएल चौराहे पर शहर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम और अन्य कांग्रेसजन स्व. राजीव गांधी की प्रतिमा के पास खड़े नजर आ रहे हैं।
कोटा में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. राजीव गांधी की 82वीं जयंती पर शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से गुरुवार को राजीव गांधी नगर स्थित आईएल चौराहे पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम की अगुवाई में कांग्रेसजनों ने सुबह 9:30 बजे राजीव गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर वहीं गोष्ठी का आयोजन किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि स्व. राजीव गांधी सबसे कम उम्र में देश के प्रधानमंत्री बने और उन्होंने आधुनिक भारत का निर्माण कर देश को नई दिशा दी। उनके अथक प्रयासों से देश में मोबाइल, कम्प्यूटर और नई संचार क्रांति का उदय हुआ। उन्होंने देश और पूरे विश्व में अमन-शांति के लिए सार्थक प्रयास किए। राजीव गांधी ने देश में इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की नींव रखी, जिससे युवाओं को रोजगार की नई दिशा मिली।
राखी गौतम ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में पंचायत राज के लिए विशेष प्रयास किए, जिससे पंचायतों को अधिकार मिले और गांवों का विकास हुआ। उन्होंने 18 वर्ष की उम्र में युवाओं को मत देने का अधिकार दिया और भारत में नई संचार क्रांति लाई, जिससे आज देश में कम्प्यूटर और मोबाइल का प्रचलन बढ़ा है।
राखी गौतम ने कहा कि मोदी जी देशहित में न सोचकर आए दिन शहीदों एवं आजादी दिलाने वाले नेताओं का अपमान कर उन्हें नीचा दिखाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से देशहित में सम्प्रदायिक शक्तियों के खिलाफ डटकर मुकाबला करने का आह्वान किया।
देहात कांग्रेस अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कार्यवाहक प्रधानमंत्री रहते हुए जनमत पर भरोसा करते हुए राजीव गांधी ने पुनः लोकसभा के चुनाव कराए। जनता ने इंदिरा गांधी की शहादत को 425 सीटें देकर अपना पूर्ण विश्वास कांग्रेस पार्टी पर जताया और उन्हें श्रद्धांजलि देकर राजीव गांधी को अपना प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कहा कि पंचायतों को अधिकार मिलना राजीव गांधी की देन है।
कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि गोष्ठी में प्रमुख रूप से पीसीसी सचिव शिवराज गुंजल, पूर्व विधायक पूनम गोयल, पूर्व महापौर मंजू मेहरा, संगठन महामंत्री हेमराज गौतम, उपाध्यक्ष राकेश शर्मा राकू, उपाध्यक्ष श्याम गौतम, कांग्रेस कार्यालय प्रभारी डॉ. विजय सोनी, महामंत्री वसीम भाटी, सचिव भुवनेश ऋषि, प्रवक्ता साजिश खान, अविनाश मीणा, सुमित गुर्जर, अजय प्रजापति, कोषाध्यक्ष भरत जैन मामा, सेवादल अध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, निवर्तमान पार्षद योगेंद्र शर्मा, सीपी गुर्जर, ऐश्वर्या श्रृंगी, सलीना शेरी, सोनू अब्बासी, एससी प्रकोष्ठ प्रदेश सचिव पारस वर्मा, शिक्षक संघ प्रकोष्ठ सत्यनारायण सींगोंर, मंडल अध्यक्ष प्रेम लाहौरिया, शशि शर्मा, सहकारिता प्रकोष्ठ अध्यक्ष विजय पंडित, प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष गिर्राज भार्गव, वार्ड अध्यक्ष तेजपाल सिंह, सत्येंद्र वशिष्ठ, ऋषभ दुबे, दीपक वर्मा, आशा अग्रवाल, शबनम अंसारी, नसरीन खानम, जितेंद्र कुमार, विनोद श्रीवास्तव, अशफाक अहमद आदि सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
इसी बीच नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि दो दिन बढ़ा दी है। नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं उम्मीदवारों की लगातार बढ़ती संख्या और कांग्रेस के प्रति उत्साह को देखते हुए शहर जिला कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने की घोषणा की। अब इच्छुक उम्मीदवार 23 अगस्त 2026, रविवार को शाम 5 बजे तक गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय, कोटा में अपने आवेदन जमा करा सकेंगे।
राखी गौतम ने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार आवेदन प्राप्त करने एवं जमा कराने के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंच रहे हैं। उम्मीदवारों की सुविधा को देखते हुए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाई गई है।
20 अगस्त को भी कांग्रेस कार्यालय में उम्मीदवारों की भीड़ उमड़ी। गुरुवार को स्वयं राखी गौतम गुमानपुरा कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। उनके समक्ष भी नगर निगम चुनाव का आवेदन जमा कराने के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवार एवं कार्यकर्ता कार्यालय पहुंचे, जिसके चलते आवेदन जमा कराने वालों की लंबी कतार लगी रही। कार्यालय में पूरे दिन चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह और सक्रियता दिखाई दी।
कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि गुरुवार को 150 आवेदन जमा हुए और करीब 500 आवेदन अब तक उम्मीदवार ले जा चुके हैं। उन्होंने नगर निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अनिवार्य रूप से जमा कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब 23 अगस्त शाम 5 बजे के बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

