कोटा नगर निगम चुनाव: राखी गौतम का दावा, जनसमर्थन से बनेगी सरकार
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया और चुनाव परिणामों को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सकारात्मक संकेत बताया।

तस्वीर में कोटा कांग्रेस अध्यक्ष राखी गौतम गुलाबी साड़ी में मुस्कुराती हुई दिख रही हैं।
कोटा। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने 14 सितंबर 2026 को नगर निगम चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोटा के 100 वार्डों में से कांग्रेस को लगभग 40 वार्डों में मिली जीत जनता के मजबूत समर्थन और विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों को मिले जनसमर्थन के लिए कोटा की जनता का आभार व्यक्त किया।
राखी गौतम ने कहा कि चुनाव में भाजपा नेताओं द्वारा धनबल, सरकारी तंत्र के दुरुपयोग और दबाव की राजनीति का सहारा नहीं लिया गया होता तो कोटा में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय था। उन्होंने कहा कि कई वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों की हार का अंतर बेहद कम रहा। उनके अनुसार, यह संकेत है कि जनता के मन में कांग्रेस के प्रति व्यापक समर्थन था, लेकिन दबाव के माहौल के कारण अनेक मतदाता खुलकर सामने आने से हिचकिचाए।
उन्होंने कहा कि इसके बावजूद कांग्रेस को मिले व्यापक जनसमर्थन ने स्पष्ट कर दिया है कि कोटा की जनता के मन में कांग्रेस के प्रति विश्वास कायम है। राखी गौतम ने कहा कि चुनाव परिणामों ने भाजपा को भी जनता का संदेश दे दिया है कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को और अधिक मजबूत जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने के संकेत जनता ने दे दिए हैं।
राखी गौतम ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहेंगे और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए संगठन को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों का भी आभार व्यक्त किया। उक्त जानकारी कांग्रेस कमेटी कार्यालय प्रभारी डॉ विजय सोनी ने दी है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
