नगर निगम चुनाव में हार के डर से मुख्यमंत्री का रोड शो, राखी गौतम ने भाजपा पर साधा निशाना
कोटा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो पर राखी गौतम ने निशाना साधा और भाजपा पर चुनावी हार के डर से जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।

तस्वीर में गुलाबी साड़ी पहने कांग्रेस नेता राखी गौतम का एक पोर्ट्रेट चित्र।
नगर निगम चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा मंगलवार को कोटा शहर में कैथूनीपोल से रामपुरा आर्य समाज रोड तक किए गए रोड शो को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने रोड शो को भाजपा की घबराहट और चुनाव में संभावित हार का संकेत बताया।
राखी गौतम ने कहा कि राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। ऐसे में उन्हें रोड शो करने के बजाय प्रदेश की जनता के सामने अपने तीन वर्ष के कार्यकाल का हिसाब प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा सरकार ने वास्तव में जनता को सुशासन दिया होता, जनहित के कार्य किए होते और विकास के नए आयाम स्थापित किए होते तो मुख्यमंत्री को छोटे स्तर के नगर निगम चुनावों में रोड शो करने की आवश्यकता नहीं पड़ती। उन्हें अपने कार्यकाल की उपलब्धियां जनता के सामने रखकर वोट मांगने चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार का अब तक का कार्यकाल दिशाहीन और निराशाजनक रहा है तथा बेरोजगारी, महंगाई सहित जनहित से जुड़े अनेक मुद्दों पर सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि आज जनता मुख्यमंत्री से रोड शो नहीं, बल्कि तीन वर्ष के कार्यकाल का हिसाब मांग रही है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने कहा कि कोटा में मुख्यमंत्री का रोड शो जनता के बीच अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोटा के स्थानीय भाजपा नेता अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए इस प्रकार के आयोजनों और प्रचार के माध्यम से जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर त्योहार के समय जनता की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाकर झूठा प्रभाव दिखाया गया, लेकिन जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
राखी गौतम ने कहा कि यदि भाजपा सरकार को अपने काम और विकास पर भरोसा होता तो मुख्यमंत्री को नगर निगम चुनाव में रोड शो करने के लिए इस तरह मैदान में उतरने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा निगम जैसे स्थानीय चुनाव में रोड शो किया जाना इस बात का संकेत है कि भाजपा को चुनाव में हार का डर सता रहा है और पार्टी घबराहट में पूरी ताकत झोंक रही है।
उन्होंने कहा कि कोटा की जनता भाजपा शासन से त्रस्त है और नगर निगम चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के समर्थन और कांग्रेस की मजबूत संगठनात्मक स्थिति के चलते कोटा में कांग्रेस का बोर्ड बनना निश्चित है। भाजपा चाहे जितने प्रयास कर ले, नगर निगम चुनाव में उसे हार का सामना करना पड़ेगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
