कोटा शहर एवं देहात कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिला अध्यक्ष मनोज दुबे ने केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व को पत्र लिखकर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के जमीनी, निष्ठावान और संघर्ष करने वाले सक्रिय कार्यकर्ताओं को टिकट वितरण में प्राथमिकता देने की मांग की है। उन्होंने चेताया कि ऐसे कार्यकर्ताओं की उपेक्षा कांग्रेस पार्टी को भारी पड़ सकती है और टिकट वितरण सही नहीं हुआ तो नगर निगम चुनाव में कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ेगा।

मनोज दुबे ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस के महापौर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। ऐसे में इस बार चुनाव जीतने के बाद कांग्रेस का कोई भी पार्षद भाजपा में शामिल न हो, इसके लिए जरूरी है कि कांग्रेस पार्टी जनाधार वाले टिकाऊ कार्यकर्ताओं को ही टिकट दे।

उन्होंने कहा कि कोटा शहर व देहात कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी में वरिष्ठ नेताओं की घोर उपेक्षा के बाद नगर निगम चुनाव में भी कांग्रेस पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को टिकट से वंचित करने से कांग्रेस को हानि होगी। जमीनी, निष्ठावान और संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी रोष व्याप्त है।

मनोज दुबे के अनुसार, कोटा शहर व देहात कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की घोषणा के बाद से लगातार इस्तीफे और विरोध के कारण संगठन कमजोर हो रहा है। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान भी कार्यकर्ताओं का आवेदन वापस कर विरोध करना कांग्रेस पार्टी के हित में नहीं है।

उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की ताकत ही राजस्थान में परिवर्तन की नींव रखेगी, लेकिन जमीनी कार्यकर्ताओं की भावनाओं, सुझावों और मेहनत को नजरअंदाज करना किसी भी संगठन के हित में नहीं है। कार्यकर्ता सम्मान और संवाद चाहता है तथा संगठन में अपनी भूमिका का उचित मूल्यांकन चाहता है।

मनोज दुबे ने कहा कि जो कार्यकर्ता वर्षों से बिना किसी स्वार्थ के संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करता आया है, यदि उसी कार्यकर्ता की उपेक्षा होगी, उसका सम्मान नहीं होगा और उसे केवल भीड़ जुटाने या काम कराने का माध्यम समझा जाएगा तो यह संगठन के लिए भारी चिंता का विषय है। ऐसे में नगर निगम चुनाव के टिकट वितरण में जमीनी और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की मांग को उन्होंने कांग्रेस के संगठनात्मक हित से जोड़ा है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story