कोटा। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी की आवेदन प्रक्रिया के अंतिम दिन रविवार को गुमानपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आवेदन लेने और जमा कराने के लिए कार्यालय में दिनभर लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक आवेदन लेने-जमा कराने का सिलसिला जारी रहा। अंतिम दिन तक 700 से अधिक दावेदार आवेदन ले चुके थे, जबकि करीब 550 उम्मीदवारों ने अपने आवेदन भरकर कांग्रेस कार्यालय में जमा करा दिए।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने दावेदारों की बढ़ती संख्या और कांग्रेस के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखते हुए आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त, रविवार शाम 5 बजे तक निर्धारित की थी। इसके बावजूद अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में दावेदार आवेदन जमा कराने के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।

दावेदारों की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाध्यक्ष राखी गौतम के निर्देश पर गठित टीम ने आवेदन जमा कराने की प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संचालित किया। उम्मीदवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। टीम के सदस्य रविवार शाम करीब 6:30 बजे तक कार्यालय में मौजूद रहकर आवेदन जमा कराने का कार्य करते रहे।

जिलाध्यक्ष राखी गौतम भी अंतिम दिन कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं और दावेदारों से मुलाकात कर उनसे आवेदन प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों में जिस प्रकार का उत्साह देखने को मिल रहा है, वह संगठन की मजबूती का प्रमाण है। दावेदारों की लगातार बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।

राखी गौतम ने सभी दावेदारों से कहा कि वे संबंधित नगर निगम से एनओसी (अनापत्ति प्रमाण-पत्र) प्राप्त कर अपने पास रखें तथा उसकी एक प्रति कांग्रेस कार्यालय में जमा कराना अनिवार्य होगा। इससे सही उम्मीदवारों के पैनल चयन में प्रक्रिया सरल हो सकेगी।

कांग्रेस कार्यालय प्रभारी एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विजय सोनी ने बताया कि अंतिम दिन रविवार तक 700 से अधिक दावेदार आवेदन ले जा चुके हैं, जबकि करीब 550 उम्मीदवारों ने अपने आवेदन भरकर कांग्रेस कार्यालय में जमा करा दिए हैं। उन्होंने बताया कि जिलाध्यक्ष राखी गौतम के निर्देशानुसार गठित कमेटी द्वारा प्राप्त सभी आवेदनों की स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद आवेदनों की व्यवस्थित फाइल तैयार की जाएगी।

डॉ. विजय सोनी ने बताया कि अंतिम दिन कार्यालय में संगठन महामंत्री हेमराज गौतम, ब्लॉक अध्यक्ष जोंटी वीरवाल, ललित शर्मा और संतोष सुमन उम्मीदवारों के सहयोग के लिए मौजूद रहे। आवेदन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कार्यालय में दावेदारों और कार्यकर्ताओं का लगातार उत्साह देखने को मिला। अंतिम दिन उमड़ी भीड़ और बड़ी संख्या में जमा हुए आवेदनों ने आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस संगठन की सक्रियता और तैयारियों को सामने रखा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story