कोटा नगर निगम चुनाव: मनोज दुबे का दावा, भारी बहुमत से बनेगा कांग्रेस का बोर्ड
सोगरिया बूथ पर मतदान के बाद कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने राज्य की भाजपा सरकार पर बदहाली और बेरोजगारी का आरोप लगाया।

तस्वीर में कोटा के सोगरिया मतदान केंद्र पर उंगली पर स्याही का निशान दिखाते मनोज दुबे।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने कोटा नगर निगम चुनाव में वार्ड 37 के सोगरिया बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद उन्होंने दावा किया कि कोटा नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड भारी बहुमत से बनेगा।
कोटा, 11 सितम्बर। कोटा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने आज वार्ड 37 के सोगरिया बूथ पर मतदान किया। मतदान के बाद मनोज दुबे ने कोटा नगर निगम चुनाव में कांग्रेस का भारी बहुमत से बोर्ड बनने का दावा किया।
मनोज दुबे ने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी एवं आर्थिक परेशानियों से जूझ रही जनता ने नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की डबल इंजन की सरकार को सबक सिखाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि इस ‘डबल इंजन’ की सरकार ने राजस्थान को दोगुनी गति से पीछे ले जाने का काम किया है। पूरे प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चौपट है।
उन्होंने कहा कि शहरों की बदहाली, टूटी सड़कें, जलभराव, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, जगह-जगह कचरे के ढेर और पट्टों के लिए दर-दर भटकते लोग, यही बीजेपी सरकार के ‘तथाकथित विकास’ की असली तस्वीर है। भाजपा सरकार ने न तो लोगों को पट्टे दिए और न ही कोई सहूलियत दी। चारों ओर सिर्फ भारी भ्रष्टाचार है।
मनोज दुबे ने कहा कि पूरे राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और भाजपा को अपनी हार साफ दिखाई दे रही है। इसी बौखलाहट के चलते मुख्यमंत्री ने लगातार रोड शो किए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान की आम जनता भाजपा से दुखी और परेशान है तथा कांग्रेस को जिताने के लिए पूरी तरह तत्पर है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान की पूरी भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। मनोज दुबे ने दावा किया कि राजस्थान में हुए नगरीय निकाय चुनावों में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
