कोटा नगर निगम: अनुसुईया गोस्वामी बनीं महापौर, भाजपा को मिले 65 वोट
अनंत चतुर्दशी पर पदभार संभालते ही नवनिर्वाचित महापौर ने बिना भेदभाव शहर के सर्वांगीण विकास और कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का भरोसा दिलाया।

कोटा में महापौर अनुसुईया गोस्वामी पदभार ग्रहण करते समय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मौजूद हैं।
शनिवार को कोटा नगर निगम में महापौर के चुनाव सम्पन्न हुए, जिसमें भाजपा प्रत्याशी अनुसुईया गोस्वामी ने 65 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। अनंत चतुर्दशी के शुभ अवसर पर प्रथम पूज्य गणपति के आशीर्वाद के साथ नवनिर्वाचित महापौर अनुसुईया गोस्वामी ने विधिवत रूप से महापौर पद का कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर अनुसुईया गोस्वामी ने भाजपा नेतृत्व, भाजपा कार्यकर्ताओं और आम जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा का यह बोर्ड जनता का बोर्ड है। उन्होंने कहा कि बिना भेदभाव के सभी को साथ लेकर सबके विकास के लिए काम किया जाएगा।
उपभोक्ता होलसेल भण्डार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला ने नवनिर्वाचित महापौर, पार्षदों एवं समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि न केवल कोटा की जनता, बल्कि कांग्रेस के पार्षदों को भी भाजपा के बोर्ड पर भरोसा था। यही कारण है कि भाजपा के पास 59 पार्षद होते हुए भी उसे 65 वोट प्राप्त हुए।
हरिकृष्ण बिरला ने कहा कि नया बोर्ड शहर के सर्वांगीण विकास के लिए कोटा शहरवासियों की भावनाओं के अनुरूप काम करे। भाजपा कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए और सभी प्रोटोकॉल हटाकर आमजन के काम सहजता और सुगमता से करवाए जाएं।
विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा शहरवासियों ने भाजपा को बड़ा जनादेश देकर आशीष और स्नेह प्रदान किया है। महापौर के रूप में वरिष्ठ भाजपा नेता अनुसुईया गोस्वामी का कार्यकाल स्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भाजपा की राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन में कोटा शहर को आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए, उसके लिए भाजपा को महापौर का पद कोटावासियों ने पुरस्कार स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित बोर्ड एक संकल्पित और जनता के लिए समर्पित बोर्ड होगा।
लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि यह विजय भाजपा नेतृत्व, संगठन पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों की जीत है, इसलिए सभी बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ट्रिपल इंजन की इस सरकार द्वारा ऐसे काम करवाए जाएंगे, जो पूरे देश के लिए मिसाल बनेंगे।
भाजपा की जीत को कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की विचारधारा की जीत बताते हुए शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है और कोई डूबते हुए जहाज में नहीं रुकता। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि अनुसुईया गोस्वामी को 65 वोट मिले, जिसमें निर्दलीय पार्षदों सहित कांग्रेसी पार्षदों ने भी वोट दिया, जबकि कांग्रेस की प्रत्याशी को केवल 35 वोट मिले। महापौर चुनाव के परिणाम के बाद नवनिर्वाचित बोर्ड से शहर के विकास और आमजन के कामों को लेकर नई कार्यदिशा की अपेक्षा जताई गई है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
