न्यू मेडिकल कॉलेज में प्रसूताओं की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा खुलकर सड़कों पर दिखाई दिया। गणेश नगर मंडल के नेतृत्व में आयोजित सद्बुद्धि-यज्ञ का समापन तीखे विरोध-प्रदर्शन के साथ हुआ, जहां कार्यकर्ताओं ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. निलेश जैन के पोस्टर पर कालिख पोतकर प्रशासन और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इतने गंभीर और संवेदनशील मामले में राज्य सरकार ने केवल संविदा कर्मचारियों को हटाकर औपचारिक कार्रवाई की है, जबकि पूरे घटनाक्रम के लिए जिम्मेदार बड़े अधिकारियों और डॉक्टरों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बाबा भीमराव अंबेडकर ने स्पष्ट कहा था कि गलती करने वाले को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन इस मामले में लापरवाही बरतने वालों को संरक्षण दिया जा रहा है।

गणेश नगर मंडल अध्यक्ष चेतन सोलंकी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. निलेश जैन ने इस्तीफा नहीं दिया तो आगामी आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगली बार विरोध केवल पोस्टरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्राचार्य पर वास्तविक रूप से काली स्याही फेंकी जाएगी। उन्होंने राजस्थान के चिकित्सा मंत्री से मामले में स्वयं संज्ञान लेकर जिम्मेदार डॉक्टरों और अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग की।

कार्यकर्ताओं ने प्रसूताओं की मौत को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को तत्काल हटाने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर जवाबदेही से बचने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष कार्रवाई की मांग भी की।

विरोध-प्रदर्शन में मनीष आर्य, धीरज नागर, महेश रैगर, वेदप्रकाश गुर्जर, केशव जैन, अजय राज सोलंकी, जुल्फिकार अली, रंजीत पाठक, हरिमोहन मीणा, राधेश्याम बागड़ी, इरफान पठान, आशीष शर्मा, प्रताप सिंह हाड़ा, धर्मेंद्र पंकज, कमलेश पंकज, रामप्रसाद बधेरवाल, टम्पू प्रसाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रसूताओं की मौत को लेकर बढ़ता राजनीतिक दबाव अब प्रशासन और सरकार दोनों के लिए चुनौती बनता दिखाई दे रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story