कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी फेल मामले पर राखी गौतम का हमला, सरकार से तत्काल ट्रांसप्लांट की मांग
कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी फेल मामले पर कांग्रेस की राखी गौतम ने राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल किडनी ट्रांसप्लांट की मांग उठाई।

कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं की किडनी फेल होने के मामले को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने राज्य सरकार और अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं अस्पताल प्रशासन की लापरवाही तथा गलत दवाइयों के कारण अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं की किडनी फेल होने जैसी गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है और सरकार को तत्काल प्रभाव से पीड़ित महिलाओं के किडनी ट्रांसप्लांट की व्यवस्था करनी चाहिए।
राखी गौतम ने कहा कि मई माह की शुरुआत में डिलीवरी के लिए अस्पताल में आई लगभग 6 प्रसूताओं की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में भी 5 महिलाएं गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं। उनके अनुसार जांच में यह पूर्ण रूप से साबित हो चुका है कि ये मौतें अस्पताल प्रशासन और दवाइयों की लापरवाही के कारण हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर त्रासदी के बावजूद सरकार ने अब तक इस मामले का कोई समाधान नहीं निकाला है। अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं के परिवारों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं जीवित हैं, उन्हें सप्ताह में चार-चार बार डायलिसिस करवाना पड़ रहा है, लेकिन सरकार की ओर से उन्हें कोई सहायता राशि तक उपलब्ध नहीं कराई गई है।
राखी गौतम ने भर्ती प्रसूताओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें आश्वस्त किया कि वह हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं के समुचित इलाज के लिए वह सरकार से लगातार मांग करेंगी। उन्होंने कहा कि हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि पीड़ित परिवारों को आज "मृत्यु भिक्षा" मांगनी पड़ रही है या सरकार से भीख मांगनी पड़ रही है कि उनका किडनी ट्रांसप्लांट कराया जाए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राखी गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के शासन में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ध्वस्त और चौपट हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि गरीब महिलाओं की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है। उनके अनुसार अस्पताल में न तो सही दवाइयां उपलब्ध हैं, न इलाज की पर्याप्त व्यवस्था है और न ही जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने राज्य सरकार को निकम्मी और लाचार बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार कुंभकर्णी नींद में सो रही है।
राखी गौतम ने राज्य सरकार से मांग की कि अस्पताल में भर्ती महिलाओं के किडनी ट्रांसप्लांट और इलाज की पूरी व्यवस्था सरकार अपने स्तर पर सुनिश्चित करे, ताकि प्रसूता महिलाओं की जान बचाई जा सके। इस संबंध में जानकारी कांग्रेस महासचिव डॉ. विजय सोनी ने दी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
