कोटा: प्रसूताओं की मौत मामले में मनोज दुबे ने प्राचार्य निलेश जैन पर की कार्रवाई की मांग
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज दुबे ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कोटा मेडिकल कॉलेज प्राचार्य के विरुद्ध उच्च स्तरीय जांच और बर्खास्तगी की अपील की है।

कोटा में 4 प्रसूताओं की मौत के मामले को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोज दुबे ने कोटा मेडिकल कॉलेज प्राचार्य निलेश जैन के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस पूरे प्रकरण में उच्च स्तरीय जांच कराने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की है।
मनोज दुबे ने पत्र में कहा कि कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल से सिजेरियन ऑपरेशन के बाद कई प्रसूताओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद इलाज के दौरान 4 महिलाओं की मृत्यु होना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाज के दौरान घोर लापरवाही हुई है, जिससे अस्पताल प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उनके अनुसार इस मामले में मेडिकल कॉलेज प्राचार्य निलेश जैन की भी जिम्मेदारी बनती है, लेकिन उनके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे कोटा की आम जनता में भारी रोष व्याप्त है।
मनोज दुबे ने कहा कि सरकार ने इस मामले में कार्रवाई के नाम पर टेम्परेरी बेसिस पर नियुक्त गायनोकोलॉजिस्ट डॉ. श्रद्धा उपाध्याय को बर्खास्त कर दिया, जबकि वास्तविक जिम्मेदार मेडिकल कॉलेज प्राचार्य निलेश जैन को हटाया जाना चाहिए था। उन्होंने मांग की कि राजस्थान सरकार इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराए और वास्तविक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करे।
उन्होंने आगे कहा कि प्रसूताओं की मौत का यह मामला बेहद दुखद एवं हृदय विदारक है, और इसमें जो भी दोषी हो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई आवश्यक है, लेकिन किसी को बचाने के लिए किसी निर्दोष को बलि का बकरा बनाना न उचित है और न ही न्याय संगत। उन्होंने कहा कि दोषियों को सजा मिलना अनिवार्य है।
मनोज दुबे ने यह भी कहा कि इस घटना से स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश की भाजपा सरकार में मरीजों की सुरक्षा भगवान भरोसे चल रही है और प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से बदहाल हो चुकी हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
