कोटा सामूहिक विवाह: ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने 50 जोड़ों को दिया आशीर्वाद
विज्ञान नगर में आयोजित 17वें सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नव-दंपतियों को आशीर्वाद देकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

कोटा के विज्ञान नगर में आयोजित 17वें सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान मंच से उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते मुख्य अतिथि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर।
समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की सेवा ही ईश्वर की वास्तविक आराधना है और 'स्व' के संकुचित दायरे से बाहर निकलकर 'सर्व' के कल्याण की चिंता करना ही वास्तविक मानवता का परिचायक है। यह प्रेरणादायी विचार प्रदेश के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शुक्रवार को कोटा के विज्ञान नगर स्थित बीएसएनएल कॉलोनी के मैदान में आयोजित 17वें सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन में व्यक्त किए। अखिल हाड़ौती सर्व समाज समिति के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए हाड़ौती संभाग और राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए 50 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साक्षी बनकर परिणय सूत्र में बंधे।
मुख्य अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने नव-दंपतियों को उज्जवल भविष्य का आशीर्वाद दिया। उन्होंने अपने संबोधन में इस आयोजन को एकता का जीवंत उदाहरण बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह की यह पावन परंपरा फिजूलखर्ची को त्याग कर सादगी के साथ समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने का संदेश देती है। मंत्री नागर ने समिति के अध्यक्ष अशोक पचेरवाल और उनकी पूरी टीम की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि विगत 17 वर्षों से निरंतर वंचित वर्ग के परिवारों की चिंता करना और उनके बच्चों के हाथ पीले करना वास्तव में पुनीत कार्य है। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार के "सबका साथ, सबका विकास" के संकल्प को दोहराते हुए प्रदेश की प्रगति और ऊर्जा क्षेत्र में लाए जा रहे सुधारात्मक बदलावों का भी उल्लेख किया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में राकेश जैन, विवेक राजवंशी, जगदीश जिंदल, राकेश बोयत, रेखा लखेरा, गजाला खान और चैन सिंह राठौड़ सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विवाह की समस्त रस्में पूर्ण भव्यता और शास्त्रीय शुद्धता के साथ संपन्न की गईं। समिति के अध्यक्ष अशोक पचेरवाल के अनुसार, गणेश स्थापना से लेकर तोरण, वरमाला और पाणिग्रहण संस्कार तक की सभी रस्में विधि-विधान से पूरी हुईं, जिसमें हजारों की संख्या में आए लोगों के लिए प्रीतिभोज की व्यवस्था की गई। इस पावन अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की ओर से भी नव-विवाहित जोड़ों के लिए विशेष उपहार भेजे गए, जो समारोह में आकर्षण का केंद्र रहे। समिति द्वारा नव-दंपतियों के गृहस्थ जीवन की सुगम शुरुआत के लिए उपहारों की झड़ी लगा दी गई, जिसमें प्रत्येक जोड़े को सोने का मंगलसूत्र, सोने के कान के टॉप्स, नाक की लौंग, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया भेंट की गई। इसके अतिरिक्त घरेलू उपयोग हेतु अलमारी, पलंग, बिस्तर, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, बर्तन, गैस सिलेंडर, मेज और कुर्सी सहित सभी आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
कार्यक्रम की सफलता में संयोजक रामप्रसाद पचेरवाल व सूरजमल, उप-संयोजक राजेश खोड़ा, रामप्रसाद कलौंसिया, प्रेम प्रकाश ढंढोरिया, जमना देवी, गीता यादव, सरोज, संगीता दास और विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर कोटा जिला अध्यक्ष नितिन सक्सेना, कोटा शहर अध्यक्ष राजेश चाँवरिया, बूंदी जिला अध्यक्ष अर्जुन डाबोडिया, बारां जिला अध्यक्ष लेखराज डागर, झालावाड़ जिला अध्यक्ष भगवान दास गहलोत सहित देवेंद्र पचेरवाल, सिकंदर पवार, लोकेश मेघवाल, देवेंद्र मेघवाल, यश पचेरवाल, चिराग खरारिया, कबीर धूलिया, अंकित चौहान, अर्जुन नरवाल, अजय टॉक, अजय पचेरवाल, रामप्रसाद कलोसिया, राजेश खांड़ा और महेश घेंघट भी उपस्थित रहे। अंत में अशोक पचेरवाल ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। यह सम्मेलन न केवल 50 परिवारों के मिलन का साक्षी बना, बल्कि इसने समाज में फिजूलखर्ची रोकने और एकजुटता बढ़ाने का सशक्त संदेश भी प्रसारित किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
