कोटा, 26 मार्च। राजस्थान की समृद्ध परंपरा, रंग-बिरंगी वेशभूषा, लोकनृत्य और कला की जीवंत झलक कोटा में एक ही मंच पर देखने को मिलेगी। जेसीआई कोटा एलीगेंस द्वारा आयोजित मरूधरा महोत्सव 2026 को लेकर गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्था की अध्यक्ष जेसी अनुषा जैन ने बताया कि यह पारिवारिक मेला 29 मार्च को प्रातः 8.30 बजे से रात 11:00 तक गढ़ पैलेस स्थित बादल महल में आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि यह आयोजन राजस्थानी संस्कृति को समर्पित एक भव्य उत्सव है, जिसमें शहरवासियों को म्हारो राजस्थान की असली झलक देखने और महसूस करने का अवसर मिलेगा। खास बात यह है कि महोत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।

सांस्कृतिक धरोहर और आधुनिकता का संगम

जेसी रिंकू जैन ने बताया कि मरूधरा महोत्सव को एक पारंपरिक राजस्थानी मेले का रूप दिया गया है, जिसमें फन, फूड, गेम्स, शॉपिंग और आकर्षक प्रदर्शनी के साथ-साथ लोक कला की सुगंध भी महसूस होगी। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को राजस्थान की सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ना और लोक परंपराओं के संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। महोत्सव का मुख्य आकर्षण रजवाड़ा रैम्प वॉक रहेगा, जहां प्रतिभागी पारंपरिक राजस्थानी वेशभूषा में अपनी अदाओं का जलवा बिखेरेंगे। इस दौरान बेस्ट ड्रेस, बेस्ट वॉक, बेस्ट स्माइल, बेस्ट ज्वेलरी और नखराली बाईसा जैसे आकर्षक खिताब प्रदान किए जाएंगे, जो राजस्थानी शान और ठाठ को जीवंत करेंगे।

प्रतिभा प्रदर्शन के लिए खुला मंच

पूजा सोलंकी ने जानकारी देते हुए बताया कि "इसके अलावा, हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए ओपन टैलेंट प्लेटफॉर्म भी रखा गया है, जहां कोई भी व्यक्ति सिंगिंग, डांसिंग, पोएट्री या स्टैंड-अप कॉमेडी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखा सकेगा।" मंच पर भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है, जिससे हर वर्ग को अवसर मिल सके। आयोजन को और रोचक बनाने के लिए म्यूजिकल हाउजी, राजस्थानी थीम पर आधारित टेक्नो डीजे पार्टी तथा विभिन्न ब्रांड्स और स्थानीय व्यवसायों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगी।

सेवा और समर्पण की अनूठी पहल

प्रोजेक्ट डायरेक्टर बिंदु भारद्वाज और शीलू जैन ने बताया कि आयोजन से प्राप्त राशि का 80 प्रतिशत हिस्सा वंचित वर्ग और गोद लिए गए बच्चों की शिक्षा एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित किया जाएगा। ग्रुप के सलाहकार संस्थापक डॉ. मेघना शेखावत, पूर्व अध्यक्ष याशिका विजय, गुंजित जोहर, ज्योति सारा, समता जैन, सुप्रिया मंडलोई और श्वेता साहनी ने सभी शहरवासियों से अपील की कि "वे परिवार सहित इस महोत्सव में भाग लेकर राजस्थानी संस्कृति की रंगत, लोक परंपराओं की मिठास और पधारो म्हारे देश की भावना का आनंद लें।"

इस अवसर पर डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. श्रुति सलवाडिया, विनी चतुर्वेदी, दीक्षा जैन, रेनू जैन, दीपा जैन, अनुराधा चौधरी, सुनीता जैन, शिखा गुप्ता, संगीता शर्मा, मंदीप साहनी, सुभाश्री जैन, अंशिका सोरल और अमी शर्मा मौजूद रहीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story