कोटा में शहीद डिप्टी कमांडेंट सुभाष शर्मा के परिवार के लिए इस बार 15 अगस्त का दिन तिरंगे, जन्मदिन और गौ-प्रेम के अनूठे संगम का साक्षी बना। राष्ट्रपति के पुलिस शौर्य पदक से सम्मानित शहीद डिप्टी कमांडेंट सुभाष शर्मा की वीरांगना बबीता शर्मा का जन्मदिन स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मनाया गया। इसी दिन उनके बेटे मेजर क्षितिज की रोका सेरेमनी भी संपन्न हुई। इस खास अवसर को यादगार बनाते हुए मेजर क्षितिज ने अपनी मां को आंध्र प्रदेश की प्रसिद्ध पुंगनूर गाय और उसकी बछिया का दुर्लभ उपहार दिया।

वीरांगना बबीता शर्मा ने बताया कि मकर संक्रांति 2024 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर पुंगनूर गायों के साथ तस्वीरें साझा की थीं और स्वदेशी नस्लों के संरक्षण का आह्वान किया था। तभी से उनके मन में छोटे कद वाली इस सुंदर गाय को पालने की इच्छा जगी थी। हालांकि, आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले से पुंगनूर गाय को कोटा लाना बेहद कठिन और असंभव सा प्रतीत हो रहा था।

मां की इसी इच्छा को पूरा करने का संकल्प मेजर क्षितिज ने लिया। उन्होंने चित्तूर से संपर्क साधा और लाखों रुपये मूल्य की इस दुर्लभ नस्ल की गाय तथा उसकी बछिया को सुरक्षित कोटा पहुंचाया। स्वतंत्रता दिवस के दिन जब मेजर क्षितिज ने यह उपहार अपनी मां को सौंपा, तो बबीता शर्मा की आंखें छलक आईं।

दुर्लभ उपहार पाकर भावुक हुईं बबीता शर्मा ने कहा, "मैंने सपने में भी ऐसे जन्मदिन उपहार की कल्पना नहीं की थी। एक फौजी का दिल भारत माता, गौ माता और अपनी जन्मदात्री माता के प्रति कितना समर्पित होता है, यह आज साबित हो गया।"

शहीद सुभाष शर्मा के परिवार में 15 अगस्त को जन्मदिन, रोका सेरेमनी और पुंगनूर गाय के इस दुर्लभ उपहार के साथ तीनहरी खुशियां आईं। नगर में इस अनूठे उपहार और फौजी बेटे के मातृ-प्रेम की सर्वत्र सराहना हो रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story