कोटा, 27 फरवरी 2026: जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग द्वारा दिनांक 21 व 22 फरवरी को आयोजित कोटा महोत्सव की भव्य सफलता के बाद जिला कलेक्टर पियूष सामरिया के मुख्य आतिथ्य में एक विशेष समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामयी आयोजन में कोटा महोत्सव के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाने वाले सभी प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापारिक व औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला ने बताया कि यह सम्मान समारोह सियाम ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया। इस गौरवशाली आयोजन में कोटा व्यापार महासंघ, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन, कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट्स एसोसिएशन, कोटा मोटर व्हीकल डीलर्स एसोसिएशन, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन सहित 70 से अधिक संस्थाओं, मीडिया कर्मियों और इन्फ्लुएंसर्स को उनकी भरपूर भागीदारी के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, क्षेत्र के उन प्रतिभावान कलाकारों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से इस आयोजन को भव्यता प्रदान करने में कोई कमी नहीं रखी।

पर्यटन विकास और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन

इस अवसर पर जिला कलेक्टर पियूष सामरिया ने अपने संबोधन में कहा कि "इस आयोजन के माध्यम से हमने हमारी संस्कृति, समृद्धि और हमारी स्थानीय प्रतिभाओं के कलाकारों को आगे बढ़ाने के लिए उनकी भागीदारी रखी जिससे उन्हें प्रोत्साहन मिला, साथ ही हाड़ोती के पर्यटन विकास को लेकर चल रही मुहिम को भी इससे बल मिलेगा।" जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के साझा प्रयासों से कोटा महोत्सव को नए स्वरूप में पेश करने से इस आयोजन की सफलता को चार चांद लग गए हैं।

हाड़ोती को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का संकल्प

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने संयुक्त रूप से बताया कि "कोटा महोत्सव के बाद हम हाड़ोती को पर्यटन के मानचित्र पर निरंतर आगे की ओर ले जा रहे हैं। कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट एवं कोटा महोत्सव के भव्य सफल ऐतिहासिक आयोजन के बाद जुलाई माह के बाद आने वाले पर्यटक सीजन में हमें विश्वास है कि हम हाड़ोती के पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान करने में सफल होंगे और हम धीरे-धीरे पर्यटन नगरी की ओर अग्रसर हो रहे हैं।" उन्होंने हर्ष व्यक्त किया कि इन आयोजनों में मीडिया का भरपूर सहयोग मिला और जन-जन ने पूरी उमंग व उत्साह से अपनी भागीदारी निभाई।

भविष्य की योजनाएं और राजकीय कैलेंडर में शामिल करने की मांग

अशोक माहेश्वरी ने आगामी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि "ऐसे आयोजन के माध्यम से हम पर्यटन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहे हैं।" उन्होंने घोषणा की कि इस वर्ष के अंतिम माह में पुनः कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट और कोटा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। संस्था द्वारा राज्य सरकार से यह पुरजोर मांग की जाएगी कि कोटा महोत्सव को अन्य महोत्सवों की तर्ज पर पर्यटन विभाग के आधिकारिक कैलेंडर वर्ष में स्थाई रूप से शामिल किया जाए। इसके अतिरिक्त, कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट को चार दिवसीय आयोजन बनाने के प्रयास किए जाएंगे ताकि कोटा के साथ-साथ बूंदी, बारां और झालावाड़ को भी एक-एक दिन की भागीदारी मिल सके और बाहर से आने वाले टूर ऑपरेटर्स पूरी हाड़ोती का भ्रमण कर सकें।

विकास कार्यों हेतु आभार एवं सम्मान

समारोह के दौरान अशोक माहेश्वरी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का हार्दिक आभार प्रकट करते हुए कहा कि "लोक सभा अध्यक्ष जिस तरह से हाड़ोती को विकास की ओर ले जा रहे हैं एवं जिस तरह के विकास के कार्यों की घोषणा पिछले दिनों लोकसभा अध्यक्ष के प्रयासों से हुई, उससे निश्चित ही हाड़ोती का चहुमुखी विकास होगा, खासकर पर्यटन के क्षेत्र में हाड़ोती में नए आयाम स्थापित होंगे।"

समारोह के अंत में कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा जिला कलेक्टर पियूष सामरिया, अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक विकास पांडे एवं सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव को दुपट्टा, प्रतीक चिन्ह एवं सेवीनियर भेंट कर सम्मानित किया गया। निश्चित ही आने वाले समय में सामूहिक प्रयासों से इस आयोजन को नई ऊंचाइयां प्रदान करने के निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story