महोत्सव की रूपरेखा और प्रशासनिक बैठक

कोटा 17 फरवरी 2026, दिनांक 21-22 फरवरी को आयोजित होने वाले कोटा महोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर आज कोटा व्यापार महासंघ की 170 संस्थाओं के अध्यक्ष, महामंत्री एवं पदाधिकारीयों की एक बैठक जिला कलेक्टर पियूष सामरिया की अध्यक्षता में जिला कलेक्टर सभागार में संपन्न हुई। अतिरिक्त जिला कलेक्टर कृष्णा शुक्ला ने कोटा महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।


सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन का संगम

बैठक को संबोधित करते हुए कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा:

"कोटा महोत्सव हमारी संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर, विरासत और पर्यटन से जुड़े सभी पहलुओं का एक विशाल प्रदर्शन है जो कोटा की समृद्धि विरासत को दर्शाता है। गत वर्ष इस आयोजन को जिस तरह से जन-जन का आयोजन बनाया गया था, उससे इस आयोजन में आमजन की भागीदारी बनी और इसका प्रचार-प्रसार राष्ट्रीय स्तर पर हो सका जिसके परिणत रूप में कोटा हाड़ोती ट्रेवल मार्ट जैसा आयोजन कोटा शहर को मिला। इसके पीछे हमारे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा, मार्गदर्शन और सहयोग ने अहम भूमिका निभाई।"

आगामी कार्ययोजना और विस्तार के लक्ष्य

  • माहेश्वरी ने कहा कि कोटा महोत्सव के आयोजन को अभूतपूर्व ऐतिहासिक भव्य बनाने के लिए कोटा व्यापार महासंघ ने पूरी तैयारीयां कर ली हैं।
  • हम इस आयोजन के माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे।
  • इस आयोजन में बाहर से आने वाले पर्यटकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास करेंगे।
  • यह आयोजन इस तरह से होना चाहिए कि आने वाले वर्षों में कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के साथ-साथ कोटा महोत्सव का आयोजन भी चार दिन का आयोजन किया जाए जिसका राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार प्रसार किया जाएगा।

प्रमुख कार्यक्रम और रूट मैप

कोटा व्यापार महासंघ इस आयोजन में अपनी भागीदारी निभाने के साथ निम्नलिखित कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेगा:

  • दिनांक 21 फरवरी: गोदावरी धाम पर गणेश वंदना में भागीदारी।
  • दिनांक 22 फरवरी (प्रातः 7:00 बजे): मथुराधीश मंदिर से गढ़ पैलेस तक हेरिटेज वॉक एवं कचोरी फेस्ट।
  • दिनांक 22 फरवरी (शाम): चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर चंबल आरती का सफल आयोजन।

हेरिटेज वॉक के लिए पुराने परकोटा परिसर के करीब 50 से अधिक व्यापारिक संगठनों ने 100 से अधिक स्वागत द्वार, पुष्पवर्षा, अल्पहार और जलपान की व्यवस्था की है। यह वॉक मथुराधीश मंदिर से रवाना होकर गढ़ पैलेस, केथूनीपोल, श्रीपुरा, सुभाष सर्किल, गांधीजी की पुल, इन्द्रा मार्केट, सुन्दर धर्मशाला, पुरानी सब्जी मंडी, विजय मार्केट, अग्रसेन बाजार, गांधी चौक, पुरानी धानमंडी होते हुए रामपुर कोतवाली तक जाएगी।


प्रशासनिक सराहना और सहभागी पदाधिकारी

जिला कलेक्टर पियूष सामरिया ने संबोधित करते हुए कहा:

"कोटा व्यापार महासंघ शहर में होने वाले सभी आयोजनों को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी पूरी तत्परता से अपनी भागीदारी निभाता है, जिनके सहयोग एवं अथक प्रयासों से गत वर्ष कोटा महोत्सव को भारी सफलता मिली एवं जन-जन के आकर्षण का केंद्र बना साथ ही कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट की अभूतपूर्व सफलता सभी के सहयोग से संभव हो पाई जिसके माध्यम से आज हाड़ोती के पर्यटन की गूंज पूरे राष्ट्रीय स्तर पर पहुंच सकी है।"

बैठक में उपस्थित अन्य प्रमुख वक्ता:

  • आराधना चौहान (प्रशिक्षु आई ए एस)
  • विकास पांडे (उपनिदेशक, पर्यटन विभाग)
  • संदीप श्रीवास्तव (सहायक निदेशक)
  • तरुमित सिंह बेदी (अध्यक्ष, पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन)
  • सुरेंद्र गोयल विचित्र (उपाध्यक्ष, कोटा व्यापार महासंघ एवं अध्यक्ष, श्री सरार्फा बोर्ड)
  • प्रदीप पाटनी (अध्यक्ष, रामपुरा व्यापार समिति)
  • ऋषभ जैन (सचिव, रामपुरा व्यापार समिति)
  • सुनील खरबंदा (अध्यक्ष, व्यापारी संघ पुरानी सब्जी मंडी)

शीघ्र ही इन सभी तैयारियों को लेकर कोटा व्यापार महासंघ एक और बैठक का आयोजन करेगा, जिसमें सभी आयोजनों को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी तत्परता से जुटकर भागीदारी निभाई जाएगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story