हेरिटेज वॉक और कचोरी फेस्ट

  • हेरिटेज वॉक श्री मथुराधीश से गढ़ पैलेस पहुंची जहां पर कचोरी फेस्ट का भव्य आयोजन हुआ।
  • इस अवसर पर गढ़ पैलेस के साथ पूरे रास्ते में 18 हजार कचोरिया, केले, पोहे, जलेबी और चाय का वितरण किया गया।
  • वहां मौजूद सभी अतिथियों व हेरिटेज में शामिल सभी लोगों का साफा बंधवाया गया।
  • मार्ग पर करीब 150 से अधिक स्वागत द्वार बनाए गए और विभिन्न संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
  • 160 से अधिक लोक कलाकारों ने अपनी कला से लोगों को अभिभूत किया।

जनसुनवाई एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला पूरी हेरिटेज वॉक में रामपुर तक साथ रहे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लोगों से चर्चा कर वहां की समस्याओं को जाना और साथ चल रहे डिविजनल कमिश्नर, जिला कलेक्टर, केडीए आयुक्त, सचिव, नगर निगम आयुक्त, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित सभी अधिकारियों को निर्देश दिए।

"लोकसभा अध्यक्ष ने क्षेत्रीय समस्याओं का तुरंत निराकरण करने एवं क्षेत्र के चौराहों, बाजारों एवं हेरिटेज स्थलों के सौंदर्यकरण करने के निर्देश दिए।"

विविध आयोजन: पेट शो और निरोगी कोटा

इसके बाद सेवन वंडर पर पेट शो का आयोजन किया गया। साथ ही चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर शहर के प्रसिद्ध डॉक्टर्स द्वारा निरोगी कोटा का आयोजन किया गया, जिसमें तनाव प्रबंधन, तंदुरुस्ती जीवन शैली और सड़क दुर्घटनाओं में 'गोल्डन ऑवर' जैसी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

शौर्य घाट पर 'कोटा अनप्लग्ड' स्क्रीन के माध्यम से हाडोती के पर्यटन स्थलों एवं मुकुंदरा पर फिल्माई गई डॉक्यूमेंट्री फिल्म तथा कोटा में ही फिल्माई गई 'सफ़ेद' मूवी के माध्यम से हाड़ोती की समृद्धि को दर्शाया गया। दोपहर 1:00 बजे प्रसिद्ध वास्तु वाणी पंडित सतीश शर्मा द्वारा घर, काल्पनिक और शहरी जीवन पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया।


संगीत संध्या और चंबल महाआरती

  • शाम 4:00 बजे प्लेबैक सिंगर क्षितिज तारे द्वारा शानदार गानों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसका हजारों युवाओं ने लुत्फ उठाया।
  • सांय 6:00 बजे चंबल महा आरती का भव्य आयोजन हुआ जहां पर करीब 30 हजार दीपक और मंत्रोच्चार से 50 हजार लोगों ने आनंद उठाया।

इस महाआरती में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, होटल फेडरेशन राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, जिला कलेक्टर पियूष सांमरिया, केडीए आयुक्त ममता तिवारी, सचिव मुकेश चौधरी और अतिरिक्त जिला कलेक्टर सीलिंग कृष्णा शुक्ला मौजूद रहीं। कार्यक्रम के आयोजक कोटा ग्रेन एण्ड सीड्स मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अविनाश राठी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।


कोटा डोरिया फैशन शो और सेलिब्रिटी नाइट

शाम 7:30 बजे कोटा डोरिया फैशन शो का आयोजन हुआ जिसमें कोटा डोरिया की आधुनिक शैली का मंच पर प्रस्तुतिकरण किया गया। रात्रि 8:00 बजे सेलिब्रिटी नाइट के तहत लोक गायिका सीमा मिश्रा द्वारा लोकगीतों की दशहरा मैदान स्थित विजय श्री रंगमंच पर शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। लोक नृत्य के साथ लोगों ने इसका भरपूर आनंद लिया।


भविष्य की योजना और आभार

दो दिवसीय कोटा महोत्सव के आयोजन में जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग, कोटा व्यापार महासंघ, होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन सहित कई संस्थाओं ने अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई और इस आयोजन को अभूतपूर्व एवं ऐतिहासिक बनाया।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा:

"लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से आयोजित कार्यक्रम आने वाले समय में हाडोती को पर्यटन के मानचित्र पर लाने में मील का पत्थर साबित होगा। जिला प्रशासन द्वारा पेश किया गया समावेश आकर्षण का केंद्र रहा।"

अगला कोटा महोत्सव चार दिवसीय होगा जिसका राष्ट्रीय स्तर का प्रचार प्रसार कर पूरे देश के पर्यटकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। विशेष आकर्षणों में गोदावरी धाम की गणेश वंदना, फिल्म सेलिब्रिटी अर्जुन कानूनगो की प्रस्तुति, मास्टर शेफ प्रतियोगिता, सुरीला कोटा, घूमर नृत्य, हेरिटेज वॉक, फिल्म फेस्टिवल, चंबल महाआरती, कोटा डोरिया फैशन शो, सीमा मिश्रा के लोक गीत एवं फ्लावर शो शामिल रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story