महेश नवमी महोत्सव में सेवा, स्वास्थ्य और खेल भावना का संगम, 55 यूनिट रक्तदान के साथ प्रतिभाओं ने दिखाया दम
कोटा में महेश नवमी महोत्सव के दौरान योग, रक्तदान और खेल प्रतियोगिताओं का अनूठा संगम देखने को मिला। 55 यूनिट रक्तदान के साथ समाज की प्रतिभाओं ने उत्साह दिखाया, जबकि आगामी ‘नवसृजन’ कार्यक्रम को लेकर भी उत्सुकता बढ़ी।

कोटा के झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में रविवार को आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस और महेश नवमी उत्सव शिविर के दौरान योगाभ्यास करते समाज के महिला और पुरुष प्रतिभागी।
महेश नवमी महोत्सव के तहत रविवार को माहेश्वरी समाज ने सेवा, स्वास्थ्य और खेल भावना का प्रेरणादायी संदेश देते हुए विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग शिविर, रक्तदान शिविर तथा कैरम और शतरंज प्रतियोगिताओं में समाज के महिला, पुरुष एवं बाल प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को यादगार बना दिया।
महोत्सव की शुरुआत झालावाड़ रोड स्थित माहेश्वरी भवन में आयोजित योग शिविर से हुई। समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। इस अवसर पर बिरला ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक संतुलन, आत्मिक शांति और सकारात्मक जीवनशैली का भी आधार है। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए समाजजनों से नियमित रूप से रक्तदान करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप कुल 55 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजनकर्ताओं ने इसे सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान बताया।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कैरम एवं शतरंज प्रतियोगिताओं ने भी प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा। खेल संयोजक घनश्याम मूंदड़ा एवं अविनाश अजमेरा ने बताया कि विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित मुकाबलों में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक प्रतिस्पर्धाएं प्रस्तुत कीं।
कैरम प्रतियोगिता में 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में हर्षवर्धन बिरला ने प्रथम तथा केशव नामधारणी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 12 से 18 वर्ष वर्ग में पार्थ फलोद विजेता और काना पंवार उपविजेता रहे। 18 से 40 वर्ष महिला वर्ग में नैन्सी लखोटिया प्रथम एवं वैदेही लखोटिया द्वितीय रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में सुन्दिल लखोटिया ने पहला और शुभम लखोटिया ने दूसरा स्थान हासिल किया। 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रंजना खुवाल और गीतिका मूंदड़ा क्रमशः प्रथम एवं द्वितीय रहीं, वहीं पुरुष वर्ग में उपेन्द्र नियाती विजेता तथा दुर्गाशंकर लखोटिया उपविजेता रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में 40 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में सत्यनारायण सोमानी ने प्रथम तथा अनिल चांडक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में प्रीति सिकची विजेता और प्रियंका मूंदड़ा उपविजेता रहीं। अन्य आयु वर्गों में अनय तुर्किया एवं अंश झंवर, लक्षिता सोडानी एवं विधि अजमेरा, आर्यन बागला एवं केशव नामधारणी, दिव्या गांधी एवं नेहा झंवर तथा बृजनंदन काल्या एवं वेदांत झंवर ने क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान हासिल किए।
मुख्य संयोजक महेशचंद अजमेरा ने बताया कि महोत्सव की अगली कड़ी के रूप में 22 जून को श्रीनाथपुरम स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल में महिलाओं एवं युवतियों के लिए विशेष कार्यक्रम ‘नवसृजन’ आयोजित किया जाएगा। भारतीय संस्कृति एवं पारंपरिक कला पर आधारित इस आयोजन में मांडना प्रतियोगिता, क्रोशिया प्रतियोगिता, किटी पार्टी आधारित रचनात्मक गतिविधियां तथा जीरो ऑयल कुकिंग प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
कार्यक्रम में समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला, मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा, मुख्य समन्वयक महेशचंद अजमेरा, उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र शारदा, कोटा जिला माहेश्वरी सभा अध्यक्ष सुरेशचंद काबरा, मंत्री ओम गट्टानी, महिला मंडल अध्यक्ष सरिता मोहता, सचिव श्वेता माहेश्वरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। महोत्सव के माध्यम से समाज ने स्वास्थ्य जागरूकता, सामाजिक सेवा और प्रतिभा संवर्धन का सशक्त संदेश देकर सामुदायिक एकता की मिसाल प्रस्तुत की।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
