कोटा में माहेश्वरी नवोदिता मंडल के डांडिया महोत्सव के दूसरे दिन गुजराती संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। माहेश्वरी महिला मंडल के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में ‘नवोत्सव’ थीम के तहत महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे परिधानों, पारंपरिक आभूषणों और गरबा-डांडिया की धुनों के बीच सास-बहू राउंड विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समाजबंधु देर रात तक डांडिया खेलते रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि समाज को एकजुट रखने और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन में ऐसा लग रहा है, मानो पूरा गुजरात माहेश्वरी प्रांगण में उतर आया हो।

माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष सरिता मेहता और सचिव श्वेता माहेश्वरी ने बताया कि ‘नवोत्सव’ थीम के तहत गुजराती पारंपरिक परिधान निर्धारित किए गए थे। रंग-बिरंगे परिधानों और पारंपरिक आभूषणों से सजी महिलाओं ने गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों से पूरे माहौल को जीवंत बना दिया। महिलाओं और बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने महोत्सव को रंगारंग स्वरूप दिया।

माहेश्वरी नवोदिता मंडल की अध्यक्ष वैशाली खुवाल और सचिव गौरांशी अटल ने बताया कि सास-बहू राउंड महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहा। इसके साथ ही विभिन्न आयु वर्गों के लिए प्रतियोगिताएं और मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

‘धोली तारो ढोल बाजे’, ‘चोगाड़ा तारा’ और ‘कमरिया लहराए’ जैसे लोकप्रिय गीतों की धुनों पर प्रतिभागी देर तक थिरकते रहे। गुजराती संगीत और पारंपरिक गरबा-डांडिया की प्रस्तुतियों के बीच महोत्सव में उत्सव का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की गतिविधियों की जानकारी संरक्षिका स्वाति मंत्री और पूर्वा शारदा ने दी। वहीं, संरक्षिका अंकिता पनवाड़ ने अतिथियों, प्रायोजकों और समाजबंधुओं का आभार जताया। कार्यक्रम में जज की भूमिका आशिमा गोयल, नेहाबंसल, दिव्यांशी विजय और हिलांशी सक्सेना ने निभाई।

इस अवसर पर समाज मंत्री विट्ठलदास मूंदड़ा, मधु बाहेती, सुरेश काबरा, केजी जाखेटिया, राजेंद्र शारदा, प्रमोद भंडारी, लक्ष्मीकांत, पंकज लड्डा माहेश्वरी, बजरंग साबू, नारायण कालानी, गोविंद मांनधना एवं ओम माहेश्वरी परिवार सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। महोत्सव में पारंपरिक गुजराती संस्कृति, सामूहिक सहभागिता और मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से सामाजिक मेलजोल को प्रमुखता मिली।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story