कोटा के बोरखेड़ा स्थित चंद्रेसल मठ के पूज्य महंत देवानंद महाराज की निर्मम हत्या की घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर आक्रोश लगातार बढ़ रहा है। शहर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष राखी गौतम ने इस घटना को हृदयविदारक और निंदनीय बताते हुए राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

राखी गौतम शनिवार को अस्पताल की मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठे संत समाज के बीच पहुंचीं और उन्हें समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि महंत देवानंद महाराज के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए।

राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए राखी गौतम ने कहा कि जो भाजपा सरकार स्वयं को सनातनी बताती है, उसी सरकार के कार्यकाल में संतों की हत्या हो रही है और आए दिन गौ माताओं की हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि इससे सरकार की कथनी और करनी में अंतर साफ दिखाई देता है। अपराधी बेखौफ होकर खुलेआम वारदातों को अंजाम देकर निकल जाते हैं और उनके भीतर पुलिस प्रशासन का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आती।

राखी गौतम ने कहा कि वह डबल इंजन की सरकार से पूछना चाहती हैं कि आखिर कोटा में सुशासन कब स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सुशासन के नाम पर कोरी वाहवाही लूट रही है, जबकि कोटा शहर में आए दिन हत्याएं और चाकूबाजी की घटनाएं आम बात बन चुकी हैं। उनके अनुसार प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप्प हो चुकी है और प्रशासन घटनाओं को रोक पाने में नाकारा साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह विफल हो चुका है, अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उनके भीतर पुलिस का भय समाप्त हो गया है। अपराधी बेखौफ होकर संत-महात्माओं की जघन्य हत्या जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी सुरक्षित नहीं है और जनता स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही है।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव डॉ. विजय सोनी ने बताया कि इस दौरान राखी गौतम के साथ सेवादल जिलाध्यक्ष प्रेम लाहोरिया, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष अनुराग गौतम तथा सचिव योगेश विजयवर्गीय भी मौजूद रहे।

महंत देवानंद महाराज की हत्या को लेकर संत समाज में व्याप्त आक्रोश और राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच इस मामले ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। हत्यारों की गिरफ्तारी और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग लगातार तेज होती जा रही है।

Bhagvati Medatwal, Kota

Bhagvati Medatwal, Kota

नाम: भगवती मेड़तवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)

कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र

बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय

परिचय 

भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story