कोटा में LPG आपूर्ति पर बैठक, पैनिक बुकिंग से वेबसाइट क्रैश
विधायक संदीप शर्मा ने रसद व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा की; वितरण सुधार, कालाबाजारी पर कार्रवाई और राशन केंद्रों पर छाया-पेयजल व्यवस्था के निर्देश।

तेल निर्यातक देशों में युद्ध के हालात के बीच घरेलू एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर पैदा हुई आशंकाओं के बीच शुक्रवार को कोटा में अहम बैठक आयोजित की गई। विधायक संदीप शर्मा ने टैगोर हॉल में रसद विभाग एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर गैस आपूर्ति, वितरण व्यवस्था और राशन वितरण से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वितरण व्यवस्था में सुधार के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा से फोन पर वार्ता भी की।
बैठक में विधायक संदीप शर्मा ने स्पष्ट कहा कि भले ही विश्व में युद्ध के हालात बने हुए हों, लेकिन देश में आमजन को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार निरंतर ईरान सरकार के साथ बातचीत कर रही है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं। वहां रह रहे भारत के नागरिक वापस आ रहे हैं और भारतीय जहाज भी सुरक्षित लौट रहे हैं। इसके अलावा सरकार द्वारा देश में घरेलू एलपीजी उत्पादन बढ़ाने के लिए उठाए गए कदमों से कुल उत्पादन में 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसलिए वर्तमान में देश में पर्याप्त घरेलू एलपीजी उपलब्ध है और मोदी सरकार में आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए नकारात्मक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि कोटा शहर में पहले जितने एलपीजी सिलेंडर आ रहे थे, आज भी उतने ही आ रहे हैं। समस्या केवल यह है कि युद्ध की खबरों के कारण लोग डर के चलते पैनिक बुकिंग करवा रहे हैं। सामान्य परिस्थितियों में जितनी बुकिंग होती थी, उसके मुकाबले तीन गुना अधिक बुकिंग हो रही है, जिससे ऑनलाइन बुकिंग साइटें क्रैश हो रही हैं। उन्होंने आमजन से अनावश्यक बुकिंग से बचने की अपील की और रसद अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न माध्यमों से हुई बुकिंग के आधार पर वरीयता से जरूरतमंद व्यक्तियों को घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाए जाएं।
उन्होंने कहा कि कोटा शिक्षा नगरी है, जहां लगभग 60 से 70 हजार कोचिंग स्टूडेंट रहते हैं। इन छात्रों के भोजन की व्यवस्था मैस, रेस्टोरेंट और होटल के माध्यम से होती है, इसलिए इन संस्थानों को व्यावसायिक सिलेंडर तत्काल उपलब्ध करवाए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में मुहूर्त के कारण बड़ी संख्या में विवाह समारोह आयोजित हो रहे हैं, इसलिए ऐसी व्यवस्था की जाए कि उन्हें भी व्यावसायिक सिलेंडर उपलब्ध हो सकें। इसके साथ ही सिलेंडरों की कालाबाजारी और ब्लैक मार्केटिंग की शिकायतों पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
राशन वितरण व्यवस्था की समस्या उठाते हुए उन्होंने कहा कि वन नेशन वन राशन योजना के तहत खाद्य सुरक्षा योजना का लाभार्थी देशभर में कहीं भी राशन प्राप्त कर सकता है। यह योजना अच्छी है, लेकिन इसके कारण कुछ स्थानों पर गेहूं का अधिक उठाव हो जाता है, जिससे स्थानीय लाभार्थियों को गेहूं नहीं मिल पाता, जबकि कुछ स्थानों पर आवंटित गेहूं बच जाता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां अधिक गेहूं वितरण हो रहा है, वहां डीलरों को अतिरिक्त आवंटन किया जाए।
राशन डीलरों द्वारा गेहूं के कट्टों के असमान वजन की शिकायतों पर भी विधायक ने अधिकारियों को जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक राशन वितरण केन्द्र पर छाया और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी में कतार में खड़े होने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों को परेशानी न हो।
बैठक में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने भी जन समस्याओं के निराकरण को लेकर अपने विचार व्यक्त किए और उनके शीघ्र समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।
इस बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर कृष्णा शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप सैनी, जिला रसद अधिकारी कार्तिकेय मीणा, प्रवर्तन अधिकारी संध्या सिन्हा, गैस एजेंसी नोडल अधिकारी विजय सिंह, कोटा एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता, राशन डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित शर्मा तथा महामंत्री कमल जैन सहित अन्य अधिकारी और प्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति में आमजन को आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित न हो।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
