श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में भक्ति की छटा, राधा-कृष्ण बनकर बच्चों ने किया हरिनाम संकीर्तन
कोटा के श्री श्री गौर राधागोविंद मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के तहत बच्चों ने राधा-कृष्ण बनकर हरिनाम संकीर्तन किया। 4 सितंबर को शोभायात्रा और मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का दिव्य महाभिषेक होगा।

तस्वीर में कोटा के श्री श्री गौर राधागोविंद मंदिर परिसर में आचार्य श्री श्री हरे कृष्ण दास ब्रह्मचारी जी महाराज मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में भक्त और बच्चे बैठे हुए हैं।
कोटा। श्री श्री गौर राधागोविंद मंदिर, श्रीकृष्ण चैतन्य प्रेम भक्ति धाम में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भक्ति, संकीर्तन और धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गणेश नगर स्थित धरणीधर चौराहा के निकट ओसीएफ-5 परिसर में आयोजित महोत्सव में श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
महोत्सव वर्तमान आचार्य श्री श्री हरे कृष्ण दास ब्रह्मचारी जी महाराज के पावन सान्निध्य में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन प्रातः 5.30 बजे ठाकुरजी की मंगल आरती के बाद हरिनाम संकीर्तन के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभातफेरी निकाली जा रही है। शाम को संध्या आरती के पश्चात भजन-कीर्तन और धर्म प्रवचन आयोजित किए जा रहे हैं।
मीडिया प्रभारी रविकुमार झंवर ने बताया कि महोत्सव के तहत बच्चों के लिए मंदिर के सत्संग कक्ष में विशेष हरिनाम संकीर्तन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छोटे बच्चे राधा और श्रीकृष्ण के स्वरूप में सजकर अपने अभिभावकों के साथ पहुंचे। बच्चों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं की स्मृतियों से भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर वर्तमान आचार्य श्री श्री हरे कृष्ण दास ब्रह्मचारी जी महाराज ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही अच्छे धार्मिक और सांस्कृतिक संस्कार दिए जाने चाहिए, जिससे उनका जीवन सकारात्मक मूल्यों और आदर्शों से समृद्ध हो सके।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें उपहार स्वरूप रबर, पेंसिल सहित अन्य सामग्री वितरित की गई।
महोत्सव के तहत 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। प्रातः मंगल आरती के पश्चात हरिनाम संकीर्तन के साथ प्रभातफेरी निकाली जाएगी। अपराह्न 5 बजे दंडवीर हनुमान मंदिर, महावीर नगर-तृतीय से भव्य हरिनाम संकीर्तन शोभायात्रा प्रारंभ होगी, जो क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः दंडवीर हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
रात्रि में भजन-कीर्तन एवं धर्म प्रवचन के बाद मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य महाभिषेक के दर्शन होंगे। मंदिर प्रबंधन ने शहर के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के विभिन्न आयोजनों में शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
