कोटा के केशवपुरा विद्यालय में स्वच्छता सप्ताह का हुआ शुभारंभ
कोटा में स्काउट-गाइड और सहकारी सभा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों व विद्यार्थियों ने परिसर में श्रमदान कर सफाई की।

कोटा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्वच्छता सप्ताह के शुभारंभ पर अतिथि और विद्यार्थी श्रमदान करते हुए।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण एवं शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में स्वच्छता सप्ताह का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, श्रमदान की भावना विकसित करना तथा समाज में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विद्यालय परिसर में फावड़ा एवं आंकी (आंकड़ी) से श्रमदान कर किया गया। इस अवसर पर परिसर की साफ-सफाई की गई तथा उपस्थित विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड सदस्यों एवं शिक्षकों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। श्रमदान के माध्यम से यह प्रेरणा दी गई कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहकार भारती के प्रदेश मंत्री मनोज कुमार शर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के अध्यक्ष एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण के जिला प्रधान प्रकाश जायसवाल ने की।
मुख्य अतिथि मनोज कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छ वातावरण से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि यदि सभी नागरिक अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो देश को स्वच्छ और सुंदर बनाने का लक्ष्य सहज रूप से प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल ने कहा कि राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा समय-समय पर सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन करती रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता सप्ताह के दौरान विभिन्न जागरूकता गतिविधियों, श्रमदान एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया जाएगा तथा सभी से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने और दूसरों को प्रेरित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में एडवोकेट दिनेश नायक एवं यूनिट लीडर अंतिमा मेहरा भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ ली। स्वच्छता सप्ताह के अंतर्गत आगामी दिनों में विभिन्न जनजागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
यह कार्यक्रम न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समाज में सामूहिक जिम्मेदारी और सहभागिता की भावना को भी सशक्त रूप से स्थापित करता है, जो भविष्य में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

Bhagvati Medatwal, Kota
नाम: भगवती मेड़तवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर / प्रातःकाल प्रतिनिधि (कोटा)
कार्यक्षेत्र: कोटा (राजस्थान) एवं आमेट तहसील क्षेत्र
बीट (मुख्य विषय): स्थानीय समाचार, राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिज़नेस एवं सभी विषय
परिचय
भगवती मेड़तवाल 'प्रातःकाल' समाचार पत्र में कोटा प्रतिनिधि और रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह कोटा जिले के साथ-साथ आमेट तहसील क्षेत्र से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को कवर करती हैं। स्थानीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और राजनीतिक घटनाक्रमों के अलावा आमेट तहसील क्षेत्र से क्राइम (अपराध) और सांस्कृतिक खबरों की रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।
