बाल विवाह उन्मूलन का संकल्प, जागरूकता को बताया सबसे प्रभावी हथियार
कोटा के केशवपुरा स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में स्काउट गाइड और शिक्षा विभाग कर्मचारी सहकारी सभा के तत्वावधान में "बाल विवाह एक अभिशाप" विषय पर विचार गोष्ठी आयोजित की गई।

कोटा के आवासन मंडल केशवपुरा स्कूल में आयोजित विचार गोष्ठी के दौरान बाल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ एकजुट होकर बैठे वक्ता, शिक्षक और विद्यार्थी।
ल विवाह जैसी सामाजिक कुप्रथा के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए राजस्थान राज्य भारत स्काउट एंड गाइड स्थानीय संघ कोटा दक्षिण तथा शिक्षा विभाग कर्मचारीगण सहकारी सभा 696 आर कोटा-बारां के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आवासन मंडल, केशवपुरा में "बाल विवाह एक अभिशाप" विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराना तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिक्षा सहकारी अध्यक्ष एवं स्काउट गाइड स्थानीय संघ सचिव प्रकाश जायसवाल ने बताया कि गोष्ठी के माध्यम से बाल विवाह जैसी कुरीति के खिलाफ सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया गया।
गोष्ठी में शिक्षाविद् गिरिराज जोशी, सपना अग्रवाल एवं योगिता महावर ने अपने विचार व्यक्त किए। गिरिराज जोशी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास में बड़ी बाधा है। उन्होंने बताया कि कम उम्र में विवाह होने से बालक-बालिकाओं के सपने अधूरे रह जाते हैं और उनका भविष्य प्रभावित होता है। साथ ही उन्होंने इस कुप्रथा के उन्मूलन के लिए समाज के सभी वर्गों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
सपना अग्रवाल ने बाल विवाह को सामाजिक बुराई के साथ-साथ कानूनी अपराध बताते हुए बाल विवाह निषेध अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल कानून ही नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक जागरूकता भी इस समस्या के समाधान के लिए आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
योगिता महावर ने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बाल विवाह से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती हैं तथा मातृ एवं शिशु मृत्यु दर पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने इसके सामाजिक, आर्थिक और मानसिक दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से इस बुराई के खिलाफ जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थियों तथा कौशल विकास प्रशिक्षण शिविर के शिविरार्थियों ने बाल विवाह के विरुद्ध जनजागरण करने और शिक्षा एवं जागरूकता के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संकल्प लिया। गोष्ठी के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिज्ञा दोहराई। यह आयोजन सामाजिक जागरूकता और शिक्षा के माध्यम से बाल विवाह उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
