शहर के तकिये का नयागांव निवासी 27 वर्षीय विनोद मेघवाल की निजी बिजली कंपनी KEDL की कथित लापरवाही के कारण हुई मौत के मामले में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, कोटा शहर के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता एवं मुआवजा दिलाने का दावा किया गया है। आंदोलन और प्रशासन के बीच लगातार हुई वार्ता के बाद मृतक के परिजनों के लिए आर्थिक राहत सुनिश्चित की गई, जबकि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी बरकरार रखी गई है।

कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग, कोटा शहर के जिलाध्यक्ष अशोक मेघवाल ने बताया कि घटना के बाद संगठन ने प्रशासन एवं संबंधित कंपनी के समक्ष पीड़ित परिवार की मांगों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि एक युवा की असमय मृत्यु से परिवार पर गहरा संकट आ गया है, इसलिए संगठन ने परिवार को न्याय दिलाने के लिए लगातार संघर्ष किया।

अशोक मेघवाल के अनुसार आंदोलन और प्रशासन से लगातार वार्ता के बाद मृतक के परिजनों के लिए 10 लाख रुपये का तत्काल मुआवजा स्वीकृत कराया गया है। इसके अलावा मृतक के पिता को 5 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन, 6 लाख रुपये की बीमा राशि तथा लगभग 2 लाख रुपये ESA/PF के रूप में मिलने वाली देय राशि भी सुनिश्चित कराई गई है।

इस दौरान शहर उपाध्यक्ष सियाराम वर्मा, कोमल कुमार, सत्येंद्र मेरोठा, शहर महासचिव महावीर रेगर, बाबूलाल मेघवाल, जसवंत रेगर, दिनेश मेरोठा, अरुण वर्मा सहित मेघवाल समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अशोक मेघवाल ने कहा कि संगठन पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। उन्होंने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। यह मामला निजी बिजली कंपनी की कथित लापरवाही, पीड़ित परिवार को मिली आर्थिक राहत तथा जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story