कोटा: KCRT 358 ने 15 मेधावी छात्रों को कराई दिल्ली-जयपुर यात्रा, पहली बार विमान में बैठे बच्चे
सरकारी स्कूल के छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ाने और ऐतिहासिक स्थलों से परिचित कराने के उद्देश्य से 'फ्लाइट ऑफ फैंटेसी' पहल के तहत भ्रमण कराया गया।

तस्वीर में पारंपरिक परिधान पहने महिलाएं धार्मिक समारोह के दौरान वेदी के सामने खड़ी हैं।
कोटा। सरकारी स्कूल के 15 मेधावी विद्यार्थियों के लिए पहली बार विमान में बैठने का अनुभव उस समय यादगार बन गया, जब राउंड टेबल इंडिया की कोटा सिटी राउंड टेबल 358 (KCRT 358) की ओर से ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ (FOF) पहल के तहत उन्हें दिल्ली भ्रमण का अवसर मिला। अध्यक्ष रोहित जैन के नेतृत्व में महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, रोजड़ी की कक्षा 8 के 15 मेधावी विद्यार्थियों ने इस पहल के तहत दिल्ली के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। इनमें पांच छात्र और 10 छात्राएं शामिल रहीं।
इस दौरान एरिया वाइस चेयरमैन किनशुक जैन, सचिव रमन भाटिया एवं सिद्धार्थ गौतम उपस्थित रहे। यात्रा का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के मेधावी विद्यार्थियों को नए अनुभवों से जोड़ना और उनके सपनों को उड़ान देना रहा।
विद्यार्थी ट्रेन से दिल्ली पहुंचे। यहां उन्होंने हुमायूं का मकबरा, कुतुब मीनार और लोटस टेंपल जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण किया। इन स्थलों के माध्यम से विद्यार्थियों को देश की समृद्ध विरासत, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक विविधता को करीब से समझने का अवसर मिला। कक्षा की पढ़ाई से बाहर का यह अनुभव बच्चों के लिए सीखने के साथ उत्साह और जिज्ञासा से भरा रहा।
यात्रा का सबसे खास पड़ाव दिल्ली से जयपुर की पहली हवाई यात्रा रही। विद्यार्थियों ने पहली बार विमान में बैठकर आसमान में उड़ने का अनुभव किया। विमान यात्रा के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया। उनके चेहरों पर खुशी और उत्सुकता नजर आई, जिसने ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ पहल को उनके लिए यादगार बना दिया।
जयपुर पहुंचने के बाद विद्यार्थियों ने पत्रिका गेट का भ्रमण किया और फोटोशूट कराया। इसके बाद द फोर्ट में रात्रिभोज का आयोजन किया गया। पूरे भ्रमण के दौरान बच्चों ने नए स्थानों को देखा और अपने अनुभवों को यादों में संजोया।
अध्यक्ष रोहित जैन ने कहा कि ‘फ्लाइट ऑफ फैंटेसी’ का उद्देश्य सरकारी स्कूलों के बच्चों को नए अनुभवों से जोड़ना, उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करना है। बच्चों को पहली बार हवाई यात्रा कराना और देश की ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराना इसी दिशा में एक प्रयास है। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों पर दिखाई देने वाली खुशी ही इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
